Pradesh Samwad
देश विदेश

राष्‍ट्रपति ने दी भीषण हमले की चेतावनी, यूक्रेन में हालात तनावपूर्ण, सीमा पर बढ़ते दिखे रूसी सैनिक

यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने देश में आपातकाल लगाने के बाद यूरोप में बड़े जंग की चेतावनी दी है। जेलेंस्‍की ने कहा कि रूस के करीब दो लाख सैनिक और हजारों की तादाद में युद्धक वाहन यूक्रेन की सीमा पर मौजूद हैं। उन्‍होंने चेताया कि रूस की सेना जल्‍द ही यूरोप में एक भीषण युद्ध की शुरुआत कर सकती है। यूक्रेन के राष्‍ट्रपति ने कहा कि रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने उनके बातचीत के न्‍योते को ठुकरा दिया है और आक्रामक अभियान को मंजूरी दे दी है।
जेलेंस्‍की ने कहा, ‘मैंने रूसी राष्‍ट्रपति से फोन पर बातचीत करना चाहा था लेकिन उन्‍होंने इंकार कर दिया है। यूक्रेन के लोग और सरकार दोनों ही शांति चाहते हैं लेकिन हम अगर हमले की चपेट में आते हैं और जिससे हमारी स्‍वतंत्रता और जीवन संकट में पड़ता है तो हम पलटवार करेंगे।’ इस बीच रूस ने अपने यूक्रेन से लगते इलाके में हवाई सीमा को बंद कर दिया है। उधर, यूक्रेन के हमले के खतरे को देखते हुए संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद की की आपात बैठक बुलाई गई है।
उधर, रूसी राष्‍ट्रपति पुतिन को देश के बाहर सेना का इस्तेमाल करने का अधिकार मिलने के बाद यूक्रेन ने बुधवार को देशव्यापी आपातकाल की घोषणा कर दी थी। इस बीच रूस ने यूक्रेन स्थित अपने दूतावास परिसरों को खाली कर वहां से राजनयिकों को निकाल लिया। यूक्रेन के सांसदों ने देशव्यापी आपातकाल लगाने के राष्ट्रपति वलोदिमिर ज़ेलेंस्की के आदेश को मंजूरी दे दी जो अगले 30 दिन तक लागू रहेगा।
इस बीच यूक्रेन से लगती सीमा पर रूस के बड़े पैमाने पर सैनिक देखे गए हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक सड़कों पर सेना के ट्रक देखे गए हैं और उनके नंबर प्‍लेट बदल दिए गए हैं। माना जा रहा है कि रूस इसके जरिए अपनी सैन्‍य हलचल को छिपाना चाह रहा है। रूस की सेना इस स्थिति में है कि वह किसी भी समय हमला कर सकती है। उधर, डोनेट्स्‍क इलाके में बड़ी संख्‍या में रूसी सेना के ट्रक तैनात देखे गए हैं।
सीएनएन ने कहा कि रूसी काफिला हमले की तैयारी के लिए तैयार हो रहा है। यह अभी तक स्‍पष्‍ट नहीं है कि वे सीमा पर गए हैं या नहीं। उन्‍होंने कहा कि हर मिनट स्थितियां तनावपूर्ण हो रही हैं। इस बीच अमेरिका के एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने कहा है कि यदि आक्रमण का आदेश दिया गया, तो यूक्रेन की सीमाओं के पास तैनात रूसी बल इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। अधिकारी ने कहा कि 80 प्रतिशत सैनिक ‘एक दम तैयार’ खड़े हैं और वे सीमा से पांच से 50 किलोमीटर के दायरे में तैनात हैं। उन्होंने कहा, ‘हम अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर सकते कि रूसी बल दोनबास (यूक्रेन में विद्रोहियों के कब्जे वाला इलाका) में भीतर घुस गए हैं या नहीं।’

Related posts

सावधान! 10 राज्यों में बढ़ने लगे हैं कोरोना के मामले, केंद्र ने कहा- 10% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट तो बढ़ा दें सख्‍ती

Pradesh Samwad Team

बैठक जलवायु परिवर्तन पर और बाइडन के काफिले ने ही फैला दिया 1 लाख kg कार्बन, मचा बवाल

Pradesh Samwad Team

अमेरिका का दावा- रूसी राष्ट्रपति को नहीं अपनी सेना पर भरोसा

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment