Pradesh Samwad
मध्य प्रदेश

टॉप ब्रांड की बाेतलों से 20% शराब निकालकर पानी भर देते हैं; हरियाणा से लाई गई 11 लाख की शराब जब्त

भोपाल में विदेशी ब्रांड की शराब पीने वालों के लिए चौंकाने वाली खबर है। आबकारी विभाग ने ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है जो टॉप ब्रांड की शराब में मिलावट कर रहे थे। ये बोतल से 15 से 20% शराब निकालकर उसमें पानी मिला देते थे। बाद में इसे सील करके बेच देते थे। निकाली गई शराब को खाली बोतलों में पानी मिलाकर पैक कर देते थे। आबकारी विभाग ने शनिवार रात तीन जगह कार्रवाई कर 11 लाख रुपए की शराब जब्त की है। दतिया जिले के दो लोग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह शराब हरियाणा से तस्करी कर ट्रेन से लाई गई थी। अब पुलिस इसके मुख्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आबकारी विभाग ने भी अवैध शराब में मिक्सिंग किए जाने की बात को गंभीर माना है। एक्सपर्ट मानते हैं कि इससे शराब जहरीली भी हो सकती है। इस शराब के ज्यादातर रेस्टोरेंट और बार में सप्लाई किए जाने की ज्यादा आशंका जताई जा रही है। आबकारी विभाग ने शनिवार रात भोपाल स्टेशन और कोहेफिजा समेत तीन ठिकानों पर दबिश दी थी।
यह रही कार्रवाई : आबकारी उपनिरीक्षक अभिलाष पाठक ने स्टेट बैंक चौराहा पर नाकेबंदी कर दतिया के रहने वाले 18 साल के राम नरेश को पकड़ा। वह एक्टिवा से 74 बोतल ले जाते मिला। कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए की शराब जब्त हुई।
आबकारी उपनिरीक्षक प्रीति गायकवाड़ ने भोपाल रेलवे स्टेशन के पास से एक संदिग्ध दतिया के रहने वाले 23 साल के मजहर खान से रेड लेबल, 100 पाइपर, ब्लू लाइट, रॉयल चैलेंजर्स, रॉयल स्टैग की 72 बोतल बरामद की। वह भोपाल में होम डिलीवरी करने के उद्देश्य से शराब लाया था। इसकी कीमत करीब एक लाख रुपए थी।
आबकारी उपनिरीक्षक सीमा कशीशिया ने लालघाटी निवासी 58 साल के गोविंद कुकरेजा और ईदगाह हिल्स निवासी 18 साल के रणवीर को मकान में मिक्सिंग करते पकड़ा। इनके पास से हरियाणा में विक्रय वाले ब्रांड ब्लेंडर प्राइड, ब्लैक लेबल, MD, रॉयल स्टैग, मैजिक मूमेंट्स जैसे महंगे ब्रांड की कुल 145 बोतल मिली। कुल करीब 11 लाख कीमत की शराब जब्त की गई।
अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शराब तस्करी के बारे में जानकारी दी, लेकिन आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं किया। भोपाल के सहायक आबकारी आयुक्त अजय शर्मा ने कहा कि अभी जांच चल रही है। जांच के कई पाइंट गोपनीय है, इसलिए अभी पूरी जानकारी नहीं दी जा रही है, लेकिन महंगी शराब की बोतलों में मिक्सिंग एक अहम पाॅइंट है। हम सभी बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं। इस पूरे नेटवर्क की कई दिनों से सूचनाएं मिल रही थीं। फाइनली शनिवार रात कार्रवाई कर इन्हें पकड़ा गया।
मिक्सिंग के नुकसान : आरोपी अधिक मुनाफा करने के लिए ब्रांड की बोतल खोलकर उसमें से 15 से 20% तक शराब निकाल लेते हैं। इसके बदले उसमें पानी भर दिया जाता है। इससे शराब की क्वालिटी खराब हो जाती है। एक्सपर्ट मानते है कि इससे शराब जहरीली भी हो सकती है। शराब के ज्यादातर रेस्टोरेंट और बार में सप्लाई किए जाने की ज्यादा आशंका जताई जा रही है।

Related posts

De la table de qualification au trône du tournoi : comment les bonus transforment un joueur amateur en champion de la plateforme

Bonus e dinamiche sociali nei casinò online – Un confronto matematico tra giochi singoli e multiplayer

शिवराज सरकार ने घटाया विमान ईंधन पर वैट, सस्ता हो सकता है फ्लाइट किराया

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment