Pradesh Samwad
खेल

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर डेविड लॉयड ने कमेंट्री को अलविदा कहा

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर और कोच डेविड लॉयड ने मंगलवार को घोषणा की कि वह स्काई स्पोर्ट्स के कमेंटेटर की भूमिका को छोड़ रहे हैं। उन्होंने दो दशक से भी अधिक समय तक कॉमेंटेटर की भूमिका निभायी। लॉयड 74 वर्ष के हैं और वह 1999 में स्काई स्पोर्ट्स की टीम में शामिल हुए थे। इसके बाद वह क्रिकेट कवरेज की जानी पहचानी आवाज बन गए थे।
उन्होंने कई महत्वपूर्ण मैचों में कमेंट्री की जिनमें 2015 में ट्रेंटब्रिज का एशेज टेस्ट भी शामिल हैं जिसमें स्टुअर्ट ब्रॉड ने 15 रन देकर आठ विकेट लिए और इंग्लैंड ने पहले दिन सुबह ही ऑस्ट्रेलिया को 60 रन पर ढेर कर दिया था।
सोशल मीडिया पर जारी बयान में लॉयड ने कहा, ‘स्काई स्पोर्ट्स के साथ 22 शानदार वर्ष बिताने के बाद मैंने अब माइक्रोफोन से विदा लेने का फैसला किया है।’
उन्होंने कहा, ‘बहुत सारी अद्भुत यादें हैं। मैं कई बेहतरीन मैचों और अविश्वसनीय प्रदर्शन का गवाह रहा हूं। मैं भाग्यशाली रहा हूं कि मैंने दुनिया भर की यात्रा करके आप सभी के साथ एशेज के उतार-चढ़ाव, विश्व कप की जीत और हार, बेहतरीन और लचर प्रदर्शन को साझा किया।’ उन्होंने बिल लॉरी के साथ 2013 में कमेंट्री करने को अपने लिये विशेष क्षण बताया।
लॉयड ने कहा, ‘इयान बिशप, रवि शास्त्री, शेन वॉर्न, शॉन पोलाक और इयान स्मिथ के अलावा कई अन्य लोगों के साथ काम करना बहुत यादगार रहा।’
लॉयड ने 1973 और 1980 के बीच इंग्लैंड के लिए नौ टेस्ट और आठ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उन्होंने दोनों प्रारूप में एक-एक शतक लगाया जिनमें जुलाई 1974 में एजबेस्टन में भारत के खिलाफ अपने दूसरे टेस्ट में नाबाद 214 रन की पारी भी शामिल है।

Related posts

राज्य स्तरीय क्रास कंट्री 28 को भोपाल में, प्रदेशभर के एथलीट्स लेंगे हिस्सा

Pradesh Samwad Team

मध्य प्रदेश की जीत पर भावुक हुए कोच चंद्रकांत पंडित

Pradesh Samwad Team

आखिरी मिनट में पाकिस्तान के खिलाफ जीत से चूका भारत, एशिया कप का पहला मैच 1-1 से ड्रॉ

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment