Pradesh Samwad
खेल

आखिरी 2 गेंदों में छक्के उड़ाकर हारते गुजरात को दिलाई करिश्माई जीत

राहुल तेवतिया के आखिरी दो गेंदों में लगाए गए दो छक्के के दम पर गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग के 2022 सत्र के एक मुकाबले में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से जीत लिया। लियाम लिविंगस्टोन की एक और धमाकेदार पारी से पंजाब किंग्स ने राशिद खान के झटकों के बावजूद गुजरात टाइटंस के खिलाफ 9 विकेट पर 189 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम शुभमन गिल के 96 रनों की पारी के बावजूद आखिरी ओवर में फंसते दिख रही थी, लेकिन राहुल तेवतिया ने ओडियन स्मिथ को दो छक्के उड़ाते हुए गुजरात को जीत दिला दी। यह उसकी लगातार तीसरी जीत है।
आखिरी 2 ओवरों में चाहिए 32 रन, गिल शतक चूके : गुजरात को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 32 रनों की जरूरत थी। 19वां ओवर करने आए साउथ अफ्रीकी स्पीड स्टार कागिसो रबाडा को 13 रन पड़े। उन्होंने हार्दिक से दो चौके खाने के बाद शुभमन गिल (59 गेंदों में 96 रन) को 5वीं गेंद पर कप्तान मयंक अग्रवाल के हाथों कैच आउट करा दिया। गिल निराश थे, लेकिन उन्हें वापस लौटना पड़ा। यह उनका आईपीएल में बेस्ट स्कोर है।
राहुल तेवतिया ने छक्के उड़ाकर दिलाई जीत : अब आखिरी ओवर में जीत के लिए 19 रन चाहिए थे, जबकि डेविड मिलर और हार्दिक मोर्चे पर थे। ओडियन स्मिथ की पहली गेंद पर जॉनी बेयरस्टो ने बेहद चुतराई से हार्दिक पंड्या (27) को रन आउट कर दिया। आखिरी दो गेंदों में 12 रनों की जरूरत थी तो राहुल तेवतिया ने 5वीं गेंद पर छक्का लगा दिया। अब सभी की नजरें तेवतिया पर थी क्या वह आखिरी गेंद पर छक्का जड़ पाएंगे? और तेवतिया ने एक और छक्का उड़ाते हुए पंजाब के जबड़े से जीत छीन ली।
इससे पहले लियाम के अलावा शिखर धवन (30 गेंदों पर 35 रन, चार चौके) और नौवें नंबर के बल्लेबाज राहुल चाहर (14 गेंदों पर नाबाद 22, दो चौके एक छक्का) और 11वें नंबर के बल्लेबाज अर्शदीप सिंह (पांच गेंदों पर नाबाद 10) ने उपयोगी योगदान दिया। पंजाब के अधिकतर बल्लेबाजों ने लंबे शॉट खेलने के प्रयास में अपने विकेट गंवाये। गुजरात के लिये स्टार लेग स्पिनर राशिद ने 22 रन देकर तीन जबकि अपना पहला मैच खेल रहे तेज गेंदबाज दर्शन नालकंडे ने 37 रन देकर दो विकेट लिये।
पंजाब किंग्स के लिये शुरू में कुछ भी अनुकूल नहीं रहा। उसने पहले टॉस गंवाया और फिर पावरप्ले में ही कप्तान मयंक अग्रवाल (पांच) और इस फ्रेंचाइजी टीम से पदार्पण कर रहे जॉनी बेयरस्टॉ (आठ) के विकेट गंवा दिये। पंजाब की कप्तानी संभालने के बाद रन बनाने के लिये जूझ रहे अग्रवाल ने हार्दिक पंड्या की शॉर्ट पिच गेंद पर मिडविकेट पर आसान कैच दिया।
बेयरस्टॉ भी लॉकी फर्गुसन की शार्ट पिच गेंद पर नियंत्रित शॉट नहीं लगा पाये। पावरप्ले के बाद स्कोर था दो विकेट पर 43 रन। मैच का महत्वपूर्ण मोड़ तब आया जब पंड्या ने सीमा रेखा पर लिविंगस्टोन का कैच लपका लेकिन उनका पांव इस बीच सीमा रेखा को स्पर्श कर गया। लिविंगस्टोन ने इसका जश्न नालकंडे पर दूसरा छक्का जड़कर मनाया। राशिद ने हालांकि धवन को विकेट के पीछे कैच कराकर लिविंगस्टोन के साथ उनकी अर्धशतकीय साझेदारी का अंत किया लेकिन उनकी जगह लेने के लिये उतरे जितेश शर्मा (11 गेंदों पर 23 रन) ने राहुल तेवतिया पर लगातार दो छक्के लगाकर अपने आक्रामक तेवर दिखाये।
लिविंगस्टोन ने इसी ओवर की आखिरी गेंद छह रन के लिये भेजकर 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। नालकंडे ने हालांकि अगले ओवर में जितेश और नये बल्लेबाज ओडियन स्मिथ (शून्य) को लगातार गेंदों पर शुभमन गिल के हाथों कैच करा दिया। इससे शाहरूख को क्रीज पर उतरने का मौका मिला जिन्होंने मोहम्मद शमी पर लगातार दो छक्के लगाये। राशिद ने डेथ ओवरों से पहले लिविंगस्टोन और शाहरुख को आउट करके गुजरात के खेमे में खुशियां लौटा दी। इससे पंजाब के पास आखिरी चार ओवरों के लिये कोई विशेषज्ञ बल्लेबाज नहीं बचा था, लेकिन राहुल चाहर ने कुछ अच्छे शॉट लगाये जिसमें पंड्या के पारी के आखिरी ओवर में लगाया गया छक्का भी शामिल है।

Related posts

नर्मदा ट्रॉफी T 20 इंटर क्लब क्रिकेट प्रतियोगिता : यंग ब्राइट क्लब सिवनी मालवा ने जीती नर्मदा ट्रॉफी

Pradesh Samwad Team

एलएनसीटी ग्रुप में एचआर समिट 2021 द विजन 2030 का एक दिवसीय कार्यक्रम संपन्न

Pradesh Samwad Team

13 th पेलिकन अंडर 17 स्व. श्रीमती कादम्बरी वेंकटरमन क्रिकेट टूर्नामेंट चंद खन्ना क्रिकेट क्लब ने पेलिकन क्रिकेट क्लब को 6 विकेट से हराया

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment