Pradesh Samwad
खेल

स्कॉटलैंड और बांग्लादेश ने कटाया सुपर 12 का टिकट


स्कॉटलैंड ने शानदार प्रदर्शन की बदौलत आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के पहले दौर के अपने तीसरे मैच में ओमान को आठ विकेट से हराकर ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल कर सुपर 12 में क्वालीफाई किया। ग्रुप बी में स्कॉटलैंड तीन जीत से छह अंक लेकर पहले और बांग्लादेश चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा।
स्कॉटलैंड ने इस तरह सुपर 12 के ग्रुप दो में जगह सुनिश्चित की जिसमें भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान की टीमें शामिल हैं जबकि एक अन्य टीम ए ग्रुप (दूसरे स्थान) से जुड़ेगी।
बांग्लादेश ने दूसरे स्थान पर रहते हुए सुपर 12 में बनाई जगह : बांग्लादेश ने ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहने से सुपर 12 के ग्रुप एक में जगह बनायी जिसमें आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीमें हैं। ग्रुप ए की शीर्ष टीम इसकी छठी टीम होगी। स्कॉटलैंड ने पहले अपनी कसी गेंदबाजी से ओमान की टीम को 20 ओवर में 122 रन पर समेट दिया।
फिर उसने यह लक्ष्य 17 ओवर में दो विकेट पर 123 रन बनाकर हासिल कर लिया। कप्तान काइल कोएत्जर (41 रन) और सलामी बल्लेबाज जार्ज मुनसे (20) ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। मुनसे आउट होने वाले पहले खिलाड़ी रहे जिन्हें फयाज बट ने आउट किया।
खावर अली ने 10वें ओवर की अंतिम गेंद पर कोएत्जर को बोल्ड कर दूसरा झटका दिया, इस समय स्कोर 75 रन था। कोएत्जर ने 28 गेंद में चौके और तीन छक्के जमाए।
फिर मैथ्यूज क्रास (नाबाद 26) और रिची बेरिंगटन (नाबाद 31) ने आराम से टीम को जीत तक पहुंचाया। बेरिंगटन ने 17वें ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का जड़कर टीम को 18 गेंद रहते जीत दिलाई।
स्कॉटलैंड ने फील्डिंग में भी मचाया धमाल : इससे पहले स्कॉटलैंड ने गेंदबाजी के साथ क्षेत्ररक्षण में भी अच्छा प्रदर्शन किया। ओमान के सलामी बल्लेबाज आकिब इल्यास (37) और कप्तान जीशान मकसूद (34 रन, 30 गेंद, तीन चौके और एक छक्का) ने टीम के लिए कुछ रन जुटाए। उनके अलावा इस स्कोर में मोहम्मद नदीम के 25 रन का योगदान रहा।
स्कॉटलैंड ने अंतिम ओवर में तीन विकेट लेकर ओमान की पारी आखिरी गेंद पर खत्म की। ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे जोश डेवी को 25 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि साफयान शरीफ और माइकल लीस्क को दो दो विकेट मिले। मार्क वाट के नाम एक विकेट रहा।
अच्छी नहीं रही ओमान की शुरुआत : ओमान ने पावरप्ले में दो विकेट गंवाकर 37 रन बना लिए थे। पारी की दूसरी गेंद पर जतिंदर सिंह रन आउट हो गए। फिर कश्यप प्रजापति के रूप में ओमान ने तीसरे ओवर में 13 रन पर दूसरा विकेट गंवा दिया जो साफयान शरीफ की गेंद पर जॉर्ज मुनसे को आसान कैच देकर पवेलियन पहुंचे।
इल्यास (35 गेंद में तीन चौके और दो छक्के) अच्छा खेल रहे थे, उन्होंने और मोहम्मद नदीम (21 गेंद में दो छक्के) ने तीसरे विकेट के लिये 38 रन जोड़ लिए थे। पर लीस्क की गेंद पर चकमा खाकर मुनसे को कैच दे बैठे और टीम ने 51 रन पर तीसरा विकेट गंवाया।
मोहम्मद नदीम भी इल्यास की तरह कुछ रन जुटाने की कोशिश में दो छक्के लगा चुके थे। पर मार्क वाट ने अपनी शानदार गेंदबाजी से उन्हें आउट किया। संदीप गौड़ आठ गेंद ही खेल सके थे कि साफयान शरीफ की गेंद को उठाकर कैच आउट हुए।
नसीम खुशी और सूरज कुमार आते ही चलते बने। अंतिम ओवर में डेवी ने कप्तान जीशान की पारी खत्म की। फिर बिलाल खान रन आउट हुए और अंतिम विकेट फयाज बट के रूप में गिरा।

Related posts

आईपीएल मेगा ऑक्शन को लेकर बड़ी जानकारी आई सामने, इस तारीख को लगेगी बोली

Pradesh Samwad Team

अंडर -15 बालक बालिका राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता संपन्न

Pradesh Samwad Team

9th इंटर कॉलेज & कॉर्पोरेट क्रिकेट प्रतियोगिता : कॉर्पोरेट राउंड में लाकेसिटी वारियर्स ने नगर निगम फायर को 6 विकेट से हराया

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment