Pradesh Samwad
प्रदेशमध्य प्रदेशराजनीति

बजरंग दल ने वेब सीरीज के सेट पर तोड़फोड़ की: दिग्विजय ने सरकार से संगठन पर कार्रवाई की मांग की


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने फिल्म निर्माता प्रकाश झा की वेब सीरीज ‘आश्रम’ की शूटिंग के दौरान भोपाल में एक दिन पहले बजरंग दल द्वारा किए गए हंगामे की निंदा की और इस मामले में दक्षिणपंथी संगठन के प्रति कथित तौर पर नरम रुख अपनाने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस की आलोचना की।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह संगठन मंडला जिले में कांग्रेस से संबद्ध भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के पदाधिकारियों की हत्या में कथित तौर पर शामिल था।
सिंह ने अपने बयान में कहा, ‘‘बजरंग दल पूरे देश में विशेषकर मध्य प्रदेश में अपराधियों का संगठन बन चुका है। मैं फिल्म निर्माता प्रकाश झा व उनके दल पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मारपीट की निंदा करता हूं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भोपाल की घटना में शामिल बजरंग दल नेता सुशील सुढेले एक ‘‘आदतन अपराधी’’ हैं और यह भोपाल के हमीदिया रोड के एक व्यापारी की हत्या से जुड़े मामले में जमानत पर बाहर हैं।
इससे पहले रविवार को घटना के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बजरंग दल के प्रदेश संयोजक सुशील सुढेले ने स्वीकार किया कि उनके कार्यकर्ताओं ने फिल्म निर्माता प्रकाश झा पर स्याही फेंकी और उनका संगठन भोपाल में वेब सीरीज ‘आश्रम’ की शूटिंग नहीं होने देगा।
कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य सिंह ने कहा, “पुलिस प्रशासन क्या कर रहा है? पुलिस मौन रही। हमें न तो मामू (मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जिन्हें लोगों द्वारा मामा भी कहा जाता है) पर भरोसा है न ही गृह मंत्री (नरोत्तम मिश्रा) पर भरोसा है लेकिन पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पर भरोसा है। उन्हें इस मामले में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि बजरंग दल के सदस्य 2020 में मंडला जिले में एनएसयूआई पदाधिकारी की हत्या में शामिल थे लेकिन जिला पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रही और एसपी ने कहा कि वे बजरंग दल के सदस्य नहीं थे।
सिंह ने दावा किया कि उनके पास इस बात के सबूत हैं कि घटना में शामिल लोग बजरंग दल के सदस्य थे।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन इन घटनाओं पर कार्रवाई करने में विफल रहता है तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम को हिंदुओं को गलत तरीके से चित्रित करने आरोप लगाते हुए फिल्म निर्माता निर्देशक प्रकाश झा पर स्याही फेंकी और उनकी वेब सीरीज ‘आश्रम-3’ के शूटिंग स्थल पर तोड़फोड़ व पथराव किया। इससे शूटिंग दल की दो बसों के शीशे टूट गए और एक व्यक्ति घायल हो गया।

Related posts

Guide complet du casino en ligne : tout ce que vous devez savoir en 2026

अनलॉक दिल्लीः कल से पूरी तरह खुल जाएंगे दिल्ली के बाजार, रात 8 बजे तक की बंदिश खत्म

Pradesh Samwad Team

इंदौर: चार लड़कियां एक महिला पिज्जा चेन कर्मचारी को कथिततौर पर ‘उन्हें घूरने’ के लिए बेरहमी से पीटते दिखाई दे रही हैं

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment