23.6 C
Madhya Pradesh
October 20, 2026
Pradesh Samwad
खेल

गुजरात-लखनऊ में होगी कांटे की टक्कर

आईपीएल 2022 (IPL 2022) के चौथे मुकाबले में दो नई टीमों गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजाएंट्स (Gujarat Titans vs Lucknow Super Giants) के बीच मुकाबला होगा. यह मैच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा. हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) पहली बार आईपीएल में कप्तानी करते हुए नज़र आएंगे और उन पर गुजरात टाइटंस का जिम्मा रहेगा. वहीं पंजाब किंग्स के लिए दो सीजन में कप्तानी कर चुके केएल राहुल के पास इस बार लखनऊ सुपरजाएंटस का नेतृत्व होगा. वे इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी भी हैं. उन्हें लखनऊ ने 17 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा है. दिलचस्प बात है कि केएल राहुल और हार्दिक पंड्या दोनों अच्छे दोस्त रहे हैं. दोनों ही नई टीमों के कप्तान के रूप में आपस में सबसे पहले भिड़ेंगे.
लखनऊ और गुजरात दोनों टीमें भले ही पहली बार आईपीएल का हिस्सा बन रही हैं लेकिन दोनों के ही पास कमाल के खिलाड़ी हैं. लखनऊ सुपर जाएंट्स को बहुत से एक्सपर्ट प्लेऑफ का तगड़ा दावेदार मान रहे हैं. वहीं गुजरात टाइटंस को कम आंका जा रहा है लेकिन गौर से देखने पर इस टीम के पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने दम पर मैच का नतीजा पलट सकते हैं.
गुजरात टाइटंस की कैसी है टीम : गुजरात टाइटंस में बैटिंग में हार्दिक पंड्या, रहमानुल्लाह गुरबाज, शुभमन गिल, डेविड मिलर, मैथ्यू वेड, गुरकीरत सिंह मान और ऋद्धिमान साहा जैसे बड़े नाम हैं. वहीं साई सुदर्शन और अभिनव मनोहर जैसे युवा खिलाड़ी भी इस टीम का हिस्सा हैं. बॉलिंग में गुजरात के पास नंबर वन टी20 गेंदबाज राशिद खान हैं. उनका साथ देने के लिए नूर अहमद, आर साई किशोर, राहुल तेवतिया, जयंत यादव जैसे फिरकी गेंदबाज हैं. गुजरात का पेस अटैक भी मारक है. उनके पास मोहम्मद शमी, अल्जारी जोसफ, लॉकी फर्ग्युसन जैसे पेसर हैं. वहीं विजय शंकर और डॉमिनिक ड्रेक्स जैसे पेस बॉलिंग ऑलराउंडर भी इसी टीम का हिस्सा हैं.
लखनऊ सुपर जाएंट्स की कैसी है टीम : लखनऊ सुपर जाएंट्स की सबसे बड़ी ताकत उनके कप्तान केएल राहुल ही हैं. वे 2018 के बाद से लगातार आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं. टीम को तेजतर्रार शुरुआत देने का जिम्मा उन्हीं पर रहेगा. उनका साथ देने के लिए क्विंटन डिकॉक, एविन लुईस, मनीष पांडे, मनन वोहरा है. लखनऊ को उसके ऑलराउंडर ताकतवर बनाते हैं. इनमें मार्कस स्टोइनिस, जेसन होल्डर, कृष्णप्पा गौतम, क्रुणाल पंड्या और दीपक हुड्डा जैसे चेहरे आते हैं. ये खिलाड़ी बॉलिंग और बैटिंग में बराबर की महारत रखते हैं. लखनऊ के बॉलिंग अटैक को देखें तो यहां स्पिन में रवि बिश्नोई, शाहबाज नदीम स्पेशलिस्ट हैं. वहीं तेज गेंदबाजों में एंड्रयू टाय, अंकित राजपूत, दुष्मंता चमीरा और आवेश खान हैं. हालांकि मार्क वुड के बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है.
गुजरात टाइटंस की संभावित प्लेइंग इलेवन : हार्दिक पंड्या (कप्तान), शुभमन गिल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अभिनव मनोहर, विजय शंकर, ऋद्धिमान साहा, राशिद खान, डेविड मिलर, आर साई किशोर, मोहम्मद शमी, लॉकी फर्ग्युसन.
लखनऊ सुपर जाएंट्स की प्लेइंग इलेवन : केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, मनीष पांडे, आयुष बदोनी, दीपक हुड्डा, क्रुणाल पंड्या, कृष्णप्पा गौतम, मार्कस स्टोइनिस, रवि बिश्नोई, आवेश खान, एंड्रयू टाय.

Related posts

पंत दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट शतक बनाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज बने

Pradesh Samwad Team

23 rd मानव चोपड़ा मेमोरियल अंडर 19 क्रिकेट टूर्नामेंट (एम एस ट्रॉफी) : रोहतक रोड जिमखाना ने यंग फ्रेंड्स क्लब को 7 विकेट से हराया

Pradesh Samwad Team

म.प्र. राज्य फेंसिंग अकादमी के खिलाड़ी आर्यन और प्रज्ञा का चयन एशियन चैंपियनशिप में
खेल और युवा कल्याण मंत्री मान.यशोधरा राजे सिंधिया ने दी बधाई

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment