Pradesh Samwad
खेल

कागिसो रबाडा हुए वनडे सीरीज से बाहर, साउथ अफ्रीका को बड़ा ‘झटका’,

दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाजी के अगुआ कागिसो रबाडा भारत के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में नहीं खेलेंगे। उन्हें कार्यभार प्रबंधन के तहत मंगलवार को विश्राम दिया गया। एकदिवसीय श्रृंखला का पहला मैच बुधवार से पार्ल में खेला जाएगा।
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने बयान में कहा, ‘तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा को भारत के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से विश्राम दिया गया है क्योंकि पिछले कुछ समय से उन पर काम का बोझ अधिक है और हम उन्हें अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रृंखला से पहले पूरी तरह तरोताजा चाहते हैं।’
बोर्ड ने कहा कि रबाडा की जगह किसी को नहीं चुना गया है लेकिन जार्ज लिंडे को अतिरिक्त स्पिन गेंदबाजी विकल्प के रूप में टीम में रखा गया है।
भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे की तैयारी में जुट गई है। नया कप्तान और नई सीरीज है और पहला वनडे 19 जनवरी को खेला जाएगा। इस मैच से ठीक एक दिन पहले टीम इंडिया प्रैक्टिस करते नजर आई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से शेयर तस्वीरों में खिलाड़ी खुशनुमा माहौल में प्रैक्टिस करते देखे जा सकते हैं। एक तस्वीर ऐसी भी है, जिसमें कई खिलाड़ी रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में कप्तानी को तैयार केएल राहुल को घेरकर खड़े दिखाई दिए।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज तक कप्तानी करने वाले विराट कोहली टीम में अब सिर्फ एक मेंबर के रूप में हैं। वह पहली बार वनडे सीरीज में कप्तानी के बगैर खेलेंगे। उम्मीद की जा रही है कि मौजूदा दौर के रन मशीन कोहली अपने पुराने अंदाज में दिखाई देंगे।
वेंकटेश अय्यर छठे नंबर पर उतरकर पदार्पण कर सकते हैं। स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा युजवेंद्र चहल और आर अश्विन पर होगा। बुमराह और भुवनेश्वर कुमार तेज आक्रमण की कमान संभालेंगे जबकि तीसरे विकल्प के तौर पर दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर और प्रसिद्ध कृष्णा में से एक को उतारा जा सकता है। टेस्ट श्रृंखला में चोटिल हुए मोहम्मद सिराज भी फिट हैं।
नए कप्तान और सहयोगी स्टाफ के साथ यह श्रृंखला जीतकर भारत 2023 विश्व कप की तैयारी शुरू करना चाहेंगे। इसके साथ ही पिछले सप्ताह टेस्ट श्रृंखला में हार से मिले जख्मों पर मरहम भी लगाना है। भारत ने आखिरी बार पूरी मजबूत टीम के साथ वनडे श्रृंखला मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी । इसके बाद दोयम दर्जे की टीम जुलाई में श्रीलंका गई थी।
पिछले दौरे पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका को वनडे श्रृंखला में 5-1 से हराया था हालांकि टेस्ट श्रृंखला जीतकर दक्षिण अफ्रीका के हौसले बुलंद हैं। तेम्बा बावुमा टेस्ट मैचों वाला फॉर्म जारी रखना चाहेंगे जबकि टेस्ट को अलविदा कह चुके क्विंटन डि कॉक वनडे में अपनी उपयोगिता साबित करना चाहेंगे। टेस्ट श्रृंखला में प्रभावित करने वाले तेज गेंदबाज मार्को जेनसन एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं।
दक्षिण अफ्रीकी टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान) केशव महाराज (उपकप्तान) क्विंटन डि कॉक (विकेटकीपर), जुबैर हमजा, मार्को जेनसेन, जानेमन मलान, सिसांडा मगला, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, वायने पर्नेल, एंडिले फेलुकवायो, ड्वेन प्रिटोरियस, जॉर्ज लिंडे, तबरेज शम्सी, रासी वान डर डुसेन, काइल वेरेन।

Related posts

वर्ल्ड डीफ बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत ने जीता स्वर्ण पदक

Pradesh Samwad Team

52वी अखिल भारतीय कनारा क्रिकेट प्रतियोगिता 2022 के पूल B का पांचवा मैच

Pradesh Samwad Team

के एफ सी डेफ टेस्ट क्रिकेट चेम्पियनशिप
} दिल्ली ने जीती डेफ टेस्ट चेम्पियनशिप { फाइनल मैच में दिल्ली ने राजस्थान को 4 विकेट से पराजित किया

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment