Pradesh Samwad
प्रदेशमध्य प्रदेशराजनीति

सिंधिया ने मप्र सरकार से विमान ईंधन पर वैट घटाने की मांग की


भोपाल, एक सितंबर (भाषा) केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को मध्यप्रदेश में और अधिक उड़ानें शुरू करने और राज्य में हवाई संपर्क में सुधार के लिए विमान ईंधन पर वैट में कमी करने की मांग की।
इंडिगो एयरलाइंस की ग्वालियर-इंदौर उड़ान के शुभारंभ और इंदौर-दुबई उड़ान को फिर से शुरू करने के लिए डिजिटल माध्यम से नई दिल्ली से एक समारोह को संबोधित करते हुए सिंधिया ने यह बात कही।
मंत्री ने कहा, ‘‘मैंने देश के सभी मुख्यमंत्रियों को एटीएफ (विमान ईंधन) पर मूल्य वर्धित कर (वैट) को कम करने के लिए एक पत्र लिखा है। आठ-नौ राज्य हैं, जहां यह एक से चार प्रतिशत तक ही है और इसके परिणामस्वरूप उन राज्यों से उड़ानों में 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जबकि मध्यप्रदेश में एटीएफ पर वैट के अलग-अलग स्लैब हैं जो चार से 25 फीसदी तक हैं।’’
सिंधिया ने कहा, ‘‘ मैं मध्यप्रदेश सरकार से पूरे राज्य में इसे समान रूप से एक से चार प्रतिशत तक लाने का अनुरोध करता हूं।’’
भाजपा नेता ने आगे कहा कि मध्यप्रदेश में खजुराहो, जबलपुर और ग्वालियर हवाई अड्डों पर वैट चार प्रतिशत है जबकि प्रदेश के अन्य हवाई अड्डों पर यह 25 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा, ‘‘ मध्यप्रदेश में और अधिक उड़ानें शुरू करने के लिए मैं राज्य सरकार से वैट को कम करके एक से चार प्रतिशत तक की सीमा में लाने और पूरे प्रदेश में एक समान बनाने का अनुरोध करता हूं।’’
मंत्री ने कहा, ‘‘यदि मध्यप्रदेश में एटीएफ पर वैट समान रूप से लागू होता है तो मैं मध्यप्रदेश से और उड़ानें शुरू करने के लिए विमानन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ प्रयास करुंगा।’’
सिंधिया ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से इंदौर हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 2000 एकड़ से अधिक भूमि के आवंटन में तेजी लाने का अनुरोध भी किया। यह मांग इंदौर के कुछ स्थानीय नेताओं ने भी की।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री चौहान ने भी संबोधित किया।

Related posts

Tips To Estimate Possibilities In Web-Based Roulette Kingamo Online Casino . AU Unlock Offer

शहर में बढ़ते मासूमों पर अपराधो को लेकर कांग्रेस ने जताई नाराजगी और विरोध प्रदर्शन

Pradesh Samwad Team

2.3 Sweepstakes Coin + 5,000 Au Coin Along Subscribe Astir _ CA Unlock Offer GoldenStar Casino

Leave a Comment