Pradesh Samwad
खेल

लखनऊ को 18 रन से हराकर बैंगलोर का ‘जोश’ हाई, डु प्लेसिस के बाद हेजलवुड का धमाल

कप्तान फाफ डु प्लेसिस के बड़े अर्धशतक के बाद जोश हेजलवुड की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स को 18 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। बैंगलोर की टीम ने कप्तान और सलामी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस के 96 रन की बदौलत खराब शुरुआत से उबरते हुए छह विकेट पर 181 रन बनाए जिसके जवाब में लखनऊ की टीम जोश हेजलवुड (25 रन पर चार विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने आठ विकेट पर 163 रन ही बना सकी।
हर्षल पटेल ने 47 रन देकर दो जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 11 रन देकर एक विकेट चटकाया। शाहबाज अहमद ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 25 रन दिए। लखनऊ की ओर से क्रुणाल पंड्या ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। डु प्लेसिस ने 64 गेंद में दो छक्के और 11 चौके जड़े तथा आईपीएल में अपने सर्वाधिक स्कोर की बराबरी करने के अलावा शाहबाज अहमद (26) के साथ उस समय पांचवें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की जब टीम आठवें ओवर में 62 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद संकट में थी।
इस जीत से बैंगलोर की टीम के सात मैच में पांच जीत से 10 अंक हो गए हैं। गुजरात टायटंस के भी 10 अंक हैं लेकिन बेहतर रन गति के कारण वह शीर्ष पर है। लखनऊ की टीम के सात मैच में आठ अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर चल रही है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ओवर में हेजलवुड की गेंद पर क्विंटन डिकॉक (03) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने पहली स्लिप में ग्लेन मैक्सवेल को कैच थमाया। मनीष पांडे भी छह रन बनाने के बाद हेजलवुड की गेंद पर हर्षल पटेल को कैच दे बैठे। कप्तान लोकेश राहुल ने इस बीच कुछ आकर्षक शॉट खेले।
उन्होंने मोहम्मद सिराज पर लगातार दो चौकों से शुरुआत की और फिर हेजलवुड पर विकेट के पीछे छक्का जड़ा। क्रुणाल पंड्या ने भी आते ही सिराज पर लगातार दो चौके मारे। टीम ने पावर प्ले में दो विकेट पर 44 रन बनाए। हर्षल ने इसके बाद लखनऊ की टीम को बड़ा झटका दिया। क्रुणाल और राहुल उन पर एक-एक चौका जड़ चुके थे और एक वाइड गेंद भी चार रन के लिए चली गई लेकिन अंतिम गेंद पर उन्होंने लखनऊ के कप्तान को विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों कैच करा दिया। राहुल ने 24 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के से 30 रन बनाए। क्रुणाल ने मोर्चा संभालते हुए शाहबाज और वानिंदु हसरंगा पर छक्के मारे।
उन्होंने 13वें ओवर में टीम का स्कोर सौ रन तक पहुंचाया लेकिन सिराज के इसी ओवर में दीपक हड्डा (13) का डीप थर्ड मैन पर सुयष प्रभुदेसाई ने अच्छा कैच लपका। क्रुणाल भी इसके बाद मैक्सवेल की गेंद को सीधे डीप मिडविकेट पर शाहबाज के हाथों में खेल गए। उन्होंने 28 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के मारे। लखनऊ की टीम को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 65 रन की दरकार थी। मार्कस स्टोइनिस ने हसरंगा पर छक्के के साथ रन गति में इजाफे का प्रयास किया। स्टोइनिस ने हेजलवुड पर भी चौका मारा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने आयुष बडोनी (13) को कार्तिक के हाथों कैच करा दिया।
लखनऊ को अंतिम दो ओवर में 34 रन की जरूरत थी और हेजलवुड ने स्टोइनिस (24) को बोल्ड करके लखनऊ की जीत की रही सही उम्मीद भी तोड़ दी। हेजलवुड के इस ओवर में सिर्फ तीन रन बने। इससे पहले लखनऊ की ओर से जेसन होल्डर ने 25 जबकि दुष्मंता चमीरा ने 31 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। रवि बिश्नोई काफी महंगे साबित हुए जिन्होंने चार ओवर में 47 रन लुटाए और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
डु प्लेसिस की पारी की बदौलत बैंगलोर की टीम अंतिम सात ओवर में 74 रन जोड़ने में सफल रही। राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसे चमीरा ने सही साबित करते हुए पहले ओवर में ही सलामी बल्लेबाज अनुज रावत (04) और विराट कोहली (00) को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजा।

Related posts

सौम्या तिवारी के शानदार दोहरे प्रदर्शन से भोपाल सेमीफाइनल में

Pradesh Samwad Team

जेफरी वेंडरसे के 10/4 प्रदर्शन से जिमबाब्वे 70 पर ऑलआऊट, श्रीलंका 184 रन से जीती

Pradesh Samwad Team

नर्मदापुरम संभाग अयान एस की शानदार 188 रनों की पारी की बदौलत नर्मदा पुरम टीम ने बेतूल के सामने 388 रनों का लक्ष्य रखा

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment