Pradesh Samwad
खेल

रमीज राजा बोले, भारत के साथ क्रिकेटीय रिश्ते मजबूत बनाने की जरूरत, क्या नरम हुए तेवर!

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष रमीज राजा ने सोमवार को बताया कि पाकिस्तान में 2023 में होने वाला एशिया कप 50 ओवरों का टूर्नामेंट होगा।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राजा ने हालांकि पर्याप्त संकेत दिए कि भारत के खिलाफ निकट भविष्य में द्विपक्षीय सीरीज होने की संभावना बहुत कम है क्योंकि ‘सहज स्तर’ पर पहुंचने के लिए अभी काफी कुछ किया जाना बाकी है।
राजा ने हाल में दुबई में एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की बैठक में हिस्सा लिया था जिसमें उन्होंने एशिया कप के आयोजन को लेकर चर्चा की। उन्होंने इस बीच भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरभ गांगुली (Sourav Ganguly) और सचिव जय शाह (Jay Shah) से भी मुलाकात की।
उन्होंने कहा, ‘मैं एसीसी बैठक से इतर बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली (Sourav Ganguly) और सचिव जय शाह (Jay Shah) से मिला था। हमें क्रिकेट में मजबूत रिश्ते बनाने की जरूरत है। मेरा यह भी मानना है कि राजनीति को जितना संभव हो सके खेल से दूर रखना चाहिए और हमारा हमेशा ऐसा रुख रहा है।’
राजा ने पीसीबी की आधिकारिक वेबसाइट से कहा, ‘एसीसी ने इस पर सहमति और मंजूरी दी कि 2023 में पाकिस्तान में होने वाली प्रतियोगिता 50 ओवरों की होगी और यह सितंबर में खेली जाएगी। यह आईसीसी पुरुष विश्व कप 2023 के लिहाज से अच्छा फैसला है जो कि अक्टूबर – नवंबर में (भारत में) खेला जाएगा।’
राजा ने भले ही कहा है कि टूर्नामेंट पाकिस्तान में होगा लेकिन अगर वर्तमान राजनीतिक तनाव बरकरार रहता है तो भारत की अपने पड़ोसी देश का दौरा करने की संभावना न के बराबर है। ऐसी स्थिति में 2018 की तरह टूर्नामेंट का आयोजन दुबई में किया जा सकता है।
राजा ने कहा, ‘हम पाकिस्तान में इस टूर्नामेंट की मेजबानी करना चाहते हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि यह सुनियोजित प्रतियोगिता होगी। एसीसी ने इसके साथ ही पुष्टि की कि श्रीलंका में अगले साल होने वाला टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला जाएगा क्योंकि अगले वर्ष स्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवंबर में टी20 विश्व कप खेला जाना है।’
बीसीसीआई अधिकारियों के साथ अपनी बैठक के बारे में राजा ने कहा, ‘पाकिस्तान और भारत के बीच द्विपक्षीय श्रृंखलाएं शुरू करने के लिए बहुत काम करने की जरूरत है। दोनों बोर्ड के बीच कुछ सहज स्तर तैयार करने की जरूरत है और फिर हम देख सकते हैं कि हम कितने आगे बढ़ सकते हैं। कुल मिलाकर हमारी अच्छी चर्चा हुई।’

Related posts

झूलन गोस्वामी ने रचा इतिहास, वनडे में 250 विकेट लेने वालीं पहली महिला क्रिकेटर बनीं
‘चकदा एक्सप्रेस’ के आसपास भी नहीं कोई और गेंदबाज

Pradesh Samwad Team

विजयवर्गीय की जुबान फिसली, यशोधरा राजे सिंधिया को ‘‘मुख्य अतिथि’’ की जगह बोल गए ‘‘मुख्यमंत्री’’

Pradesh Samwad Team

एलएनसीटी समूह का 2 फरवरी को सफलता के 28 वर्ष पूर्ण

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment