Pradesh Samwad
खेल

विजयवर्गीय की जुबान फिसली, यशोधरा राजे सिंधिया को ‘‘मुख्य अतिथि’’ की जगह बोल गए ‘‘मुख्यमंत्री’’

मध्यप्रदेश के इंदौर में मंगलवार शाम एक कार्यक्रम के दौरान बास्केटबॉल स्टेडियम ठहाकों से गूंज उठा, जब भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय गलती से राज्य की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को ‘‘मुख्य अतिथि’’ की जगह ‘‘मुख्यमंत्री’’ बोल गए।
विजयवर्गीय, इंदौर में 71वीं जूनियर राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा, ‘‘मंच पर उपस्थित मध्यप्रदेश की बहुत ही यशस्वी युवा खेल मंत्री, आज की मुख्यमंत्री…।’’
इतना कहते ही भाजपा महासचिव को अपनी जुबानी चूक का अहसास हुआ और उन्होंने भूल सुधारते हुए सिंधिया को ‘‘आज की मुख्य अतिथि’’ के रूप में संबोधित किया।
हालांकि, उन्होंने श्रोताओं के ठहाकों के बीच मंच से हंसी-मजाक करते हुए कहा,‘‘ऐसा कहा जाता है कि कभी-कभी ऊपर (आकाश) से सप्तर्षि निकलते हैं और वे कहते हैं-ऐसा ही हो, ऐसा ही हो, ऐसा ही हो। अब मेरे मुंह से (सिंधिया के लिए) मुख्यमंत्री निकल गया, तो ऊपर से वे कह रहे होंगे कि ऐसा ही हो, ऐसा ही हो, ऐसा ही हो।’’
उधर, विपक्षी कांग्रेस ने सिंधिया के बारे में विजयवर्गीय के इस बयान को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधा है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने कहा,‘‘विजयवर्गीय का यह बयान राज्य की शिवराज सिंह चौहान सरकार को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का असंतोष और इस पार्टी की अंदरूनी कलह दिखाता है। हालत यह हो गई है कि अब विजयवर्गीय जैसे बड़े नेता भी मुख्यमंत्री बदलने की खुलेआम प्रार्थना करने लगे हैं।’’
71वीं जूनियर राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मंच पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री निशिथ प्रामाणिक भी मौजूद थे।

Related posts

इंटर फीडर सेंटर हॉकी प्रतियोगिता के विजेता बालिका हाँकी टीम एंव उपविजेता बालक हाँकी टीम के खिलाड़ी हुए सम्मानित

Pradesh Samwad Team

‘IPL 2021 में वॉर्नर के साथ अच्छा बर्ताव नहीं किया गया, ऑस्ट्रेलिया जीत सकता है वर्ल्ड कप’

Pradesh Samwad Team

नेशनल रायफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रथम एवं द्वितीय सेलेक्शन ट्रायल (पिस्टल/रायफल)-2022 : 50 मीटर रायफल प्रोन ट्रायल-1 व्यक्तिगत स्पर्धा, मेन्स सीनियर केटेगरी में म.प्र. राज्य शूटिंग अकादमी के गोल्डी गुर्जर दूसरे तथा वूमेन सीनियर में जेनब एवं सुनिधि क्रमशः पहले और तीसरे स्थान पर

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment