22.6 C
Madhya Pradesh
October 5, 2026
Pradesh Samwad
देश विदेश

ब्रिटेन के निशाने पर व्लादिमीर पुतिन का परिवार, बेटियों के बाद गर्लफ्रेंड और पूर्व पत्नी पर लगाया प्रतिबंध

ब्रिटेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर दबाव बढ़ाने के लिए उनके परिवार को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ब्रिटेन चाहता है कि इन प्रतिबंधों के दबाव में पुतिन यूक्रेन में सैन्य अभियान को रोक सकते हैं। इसी कारण बोरिस जॉनसन सरकार ने पुतिन की कथित गर्लफ्रेंड और उनकी पूर्व पत्नी पर प्रतिबंध का ऐलान किया है। उनकी दोनों बेटियों पर पहले से ही प्रतिबंध लागू हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि पुतिन की गर्लफ्रेंड और उनकी पूर्व पत्नी की कोई संपत्ति ब्रिटेन में मौजूद है कि नहीं। ऐसे में इन प्रतिबंधों का असर पुतिन के ऊपर पड़ने की संभावना भी कम ही मालूम पड़ती है।
अलीना काबेवा और ल्यूडमिला ओचेरेत्नाया पर प्रतिबंध : ब्रिटिश सरकार के अनुसार, पुतिन की करीबी अलीना काबेवा और उनकी पूर्व पत्नी ल्यूडमिला ओचेरेत्नाया को प्रतिबंधों की सूची में शामिल किया गया है। अलीना स्वर्ण पदक जीतने वाली ओलंपिक जिमनास्ट और रूसी राजनेता हैं। दावा किया जाता है कि उन्होंने पुतिन के दो बेटों को जन्म दिया है। हालांकि, क्रेमलिन ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। वहीं, पूर्व पत्नी ल्यूडमिला ओचेरेत्नाया से पुतिन की दो बेटियां हैं। पुतिन और ल्यूडमिला ओचेरेत्नाया आपसी सहमति के आधार पर 2014 में अलग हो गए थे।
ब्रिटेन का दावा- पुतिन के पास मामूली संपत्ति : ब्रिटिश विदेश कार्यालय ने कहा कि शुक्रवार को किए गए ऐलान से पुतिन के करीबी और आंतरिक सर्कल के सदस्य प्रभावित होंगे। बयान में यह भी कहा गया कि ब्रिटिश सरकार यूक्रेन पर आक्रमण के लिए मास्को को दंडित करने के नए तरीकों की तलाश कर रही है। विदेश कार्यालय के अनुसार, पुतिन की आधिकारिक संपत्ति मामूली है। हालांकि उनकी लाइफस्टाइल को परिवार, दोस्तों और एलीट क्लास से फंडिंग मिलती है।
पुतिन के रिश्तेदारों को निशाना बना रहा ब्रिटेन : ब्रिटिश विदेश मंत्री लिज ट्रस ने कहा कि हम पुतिन की विलासितापूर्ण जीवन शैली को बढ़ावा देने वाले छायादार नेटवर्क को उजागर कर रहे हैं और उन्हें निशाना बना रहे हैं। इससे पुतिन के ऊपर दबाव बढ़ेगा। हम उन सभी पर प्रतिबंध जारी रखेंगे जो यूक्रेन की जीत तक पुतिन की आक्रामकता को सहायता और बढ़ावा दे रहे हैं। बताया जाता है कि पुतिन की गर्लफ्रेंड अलीना काबेवा नेशनल मीडिया ग्रुप के बोर्ड के अध्यक्ष बनने वाली हैं, जो रूस की सबसे बड़ी निजी मीडिया कंपनी है।

Related posts

भावुक अपील कर जेलेंस्की ने कनाडा से मांगी मदद

Pradesh Samwad Team

दोस्त की शादी में शरीक होने काठमांडू पहुंचे राहुल गांधी

Pradesh Samwad Team

एक साल में 39 बार बुलाई एम्बुलेंस, पैदल चलने से बचने के लिए इमरजेंसी नंबर डायल करता था शख्स

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment