Pradesh Samwad
खेल

रहाणे की लय को लेकर चिंतित नहीं, लेकिन आप उनके बल्ले से रन चाहेंगे: द्रविड़

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने सोमवार को यहां कहा कि किसी और से ज्यादा टेस्ट उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) खुद बड़ा स्कोर खड़ा कर लय हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं और उनके लिए यह सिर्फ एक पारी की बात है।
नियमित कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे रहाणे (Rahane) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ यहां ड्रॉ टेस्ट में 35 और चार रन बनाए। इस साल 12 टेस्ट मैचों में उनका औसत 20 से भी कम का है।
द्रविड़ (Dravid) से जब पूछा गया कि क्या रहाणे की लय टीम के लिए चिंता का सबब है तो उन्होंने कहा, ‘इसके लिए ज्यादा चिंतित होने की जरुरत नहीं है। जाहिर है कि आप चाहेंगे कि अजिंक्य आपके लिए अधिक रन बनाएं, वह खुद भी ऐसा ही चाहेंगे।’
उन्होंने कहा, ‘वह एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उन्होंने अतीत में भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। वह उन लोगों में से एक है जिनके पास कौशल और अनुभव है। यह बस एक मैच की बात है , वह इसे जानते है और हम भी समझते है।’
मुंबई में खेले जाने वाले अगले टेस्ट मैच में कप्तान कोहली (Virat Kohli) की वापसी होगी और ऐसे में क्या रहाणे को अंतिम 11 में जगह देने के लिए मैन ऑफ द मैच श्रेयस अय्यर को बाहर बैठाया जाएगा?
द्रविड़ ने कहा, ‘हमने तय नहीं किया है कि हमारी अंतिम एकादश क्या होगी और यह बहुत जल्दी है। कम से कम आज हमारा ध्यान इस मैच पर था। जब हम मुंबई जाएंगे तो हालात का जायजा लेंगे और लोगों की फिटनेस जांचेंगे. विराट कोहली भी साथ जुड़ेंगे, इसलिए हमें उनसे भी चर्चा करनी होगी और फिर कोई फैसला लेना होगा।’
उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट से पहचान बनाकर टेस्ट क्रिकेट तक सफर तय करने वाले अय्यर की तारीफ करते हुए इसे भारतीय क्रिकेट की सफलता करार दी। उन्होंने कहा, ‘यह देखना अच्छा है कि युवा खिलाड़ी सीधे पदार्पण पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं और हमने टी20 में भी एक-दो खिलाड़ियों को देखा है जिसने शुरुआती मैचों में पहचान बनायी है।’

Related posts

दिव्यांश और पूर्णिमा ने जीते स्वर्ण पदक

Pradesh Samwad Team

रणजी ट्राफी फाइनल में मुंबई के दो कोच की प्रतिष्ठा दांव पर

Pradesh Samwad Team

ऋषभ मिश्रा के नाबाद शतक से अंबिका एम्स्टर्डम अखिल भारतीय आर.वी. स्पोर्ट्स क्रिकेट कप के सेमिफाइनल में

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment