Pradesh Samwad
प्रदेशमध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश के हर जिले में तत्काल एक कोविड देखभाल केन्द्र प्रारंभ कर दिया जाए : चौहान


कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ रहे मामलों के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को निर्देश दिए कि राज्य के हर जिले में तत्काल एक कोविड देखभाल केन्द्र प्रारंभ कर दिया जाए।
चौहान ने मुख्यमंत्री निवास से जिला, विकास खंड, वार्ड और पंचायत स्तरीय संकट प्रबंधन समूहों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसलिए तीसरी लहर से बचने की पूरी तैयारी रखने की जरूरत है। हरेक जिले में तत्काल एक कोविड देखभाल केन्द्र प्रारंभ कर दिया जाए।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ इसके अलावा ब्लॉक स्तर पर कोविड देखभाल केन्द्र बनाने की तैयारी कर लें। अस्पतालों में भीड़ न बढ़े -इसके लिए कोविड देखभाल केन्द्र पर मरीजों को रखें। अस्पताल भी चाक-चौबंद रहें। ’’
चौहान ने कहा है कि मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के उपचाराधीन मरीज 608 हो गए हैं जबकि गत 21 नवम्बर को राज्य में केवल 85 सक्रिय मरीज थे।
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के नये स्वरूप ओमीक्रोन के प्रदेश में अब तक केवल 11 मामले आए हैं जो पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं। चौहान ने कहा, ‘‘ कोरोना वायरस को पराजित करने के लिए हम सब मिलकर प्रयास करें। ’’
उन्होंने कहा , ‘‘15-18 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण तीन जनवरी से प्रारंभ हो रहा है। टीकाकरण युद्ध स्तर पर हो। बच्चों को कोवैक्सीन ही लगाई जाना है। इसका ध्यान रखना होगा। टीकाकरण केवल स्कूलों में ही होगा।’’
चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री कोविड उपचार योजना में निजी अस्पतालों का अनुबंध 31 मार्च तक बढ़ाया गया है जिसके लिए सभी जिलाधिकारी तेजी से अनुबंध करें।

Related posts

Pradesh Samwad Team

मध्य प्रदेश में सामने आये कोरोना वायरस के 11 नए मामले

Pradesh Samwad Team

सरकारी कब्जे से मंदिरों को मुक्त कराएंगी साध्वी प्रज्ञा, कहा- इसका धन अल्पसंख्यकों और विधर्मियों पर हो रहा खर्च

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment