Pradesh Samwad
देश विदेश

बेंजामिन नेतन्याहू की बढ़ी मुश्किलें, भ्रष्टाचार के मामले में साथी ही बन गया सरकारी गवाह

भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। नेतन्याहू के विश्वासपात्र रहे एक पूर्व सहयोगी ने सोमवार को उनके खिलाफ गवाही देना शुरू कर दिया। ऐसे में आने वाले दिनों में बेंजामिन नेतन्याहू को कोर्ट में पेश होना पड़ सकता है। नेतन्याहू के खिलाफ प्रधानमंत्री के कार्यकाल में धोखाधड़ी, विश्वासघात और रिश्वत लेने के आरोप हैं।
नेतन्याहू के पूर्व प्रवक्ता ही बन गए गवाह : नेतन्याहू के पूर्व प्रवक्ता नीर हेफेट्ज मुकदमे में अभियोजन पक्ष के मुख्य गवाह बन गए हैं। उनकी गवाही को नेतन्याहू के खिलाफ लगे आरोपों के सिलसिले में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, अब विपक्ष के नेता की भूमिका निभा रहे पूर्व प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कुछ भी गलत करने से इनकार किया है। उन्होंने सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद करार दिया है।
गिरफ्तार होने के बाद बन गए गवाह : हेफेट्ज 2009 में पत्रकारिता में लंबे करियर को छोड़कर नेतन्याहू सरकार के प्रवक्ता के तौर पर काम करने लगे थे और 2014 में वह नेतन्याहू के परिवार के प्रवक्ता और सलाहकार बन गए। 2018 में हेफेट्ज को नेतन्याहू से संबंधित भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद वह सरकारी गवाह बन गए थे और जांचकर्ताओं को नेतन्याहू और उनके परिवार साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराई थी।
सोमवार को कोर्ट में पेश हुए नेतन्याहू : उनकी गवाही में करीब एक हफ्ते की देरी हुई है क्योंकि नेतन्याहू के वकीलों ने अदालत से नए सबूतों की समीक्षा के लिए वक्त देने का आग्रह किया था। पिछले हफ्ते उपलब्ध सूचना में आरोप लगाया गया है कि नेतन्याहू की पत्नी सारा ने अपने पति के अरबपति दोस्तों – हॉलीवुड निर्माता अर्नोन मिलचान और ऑस्ट्रेलियाई अरबपति जेम्स पैकर- से महंगा ब्रेसलेट (एक तरह का कंगन) तोहफे के तौर पर लिया था। नेतन्याहू सोमवार को यरुशलम जिला अदालत में पेश हुए। उनके संग लिकुद पार्टी के साथी नेता भी थे।

Related posts

सैनिकों ने गिनी के राष्ट्रपति को हिरासत में लिया, सरकार भंग

Pradesh Samwad Team

मोदी सरकार के खिलाफ अमेरिका में छपा विज्ञापन, निर्मला सीतारमण सहित इन 11 पर प्रतिबंध की मांग

Pradesh Samwad Team

एर्दोगन के एक ऐलान ने कर दिया खेल, डॉलर के मुकाबले लीरा हुई मजबूत

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment