Pradesh Samwad
खेल

पाकिस्तान से एक ही दिन खेले पति स्टार्क और उनकी पत्नी एलिसा, बना अनोखा रिकॉर्ड

पाकिस्तान से एक ही दिन खेले पति स्टार्क और उनकी पत्नी एलिसा, बना अनोखा रिकॉर्ड

ऐसा संभवत: पहली बार हुआ कि एक ही दिन और लगभग एक ही समय पति और पत्नी अपने देश के लिए एक ही प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अलग-अलग जगहों पर मैदान पर थे। ऑस्ट्रेलिया के फास्ट बोलर मिशेल स्टार्क (Mitchell Starc) पाकिस्तान (AUS vs PAK 1st Test) के खिलाफ जब रावलपिंडी के मैदान पर खेल रहे थे,उसी दौरान उनकी पत्नी एलिसा हिली (Alyssa Healy) ऑस्ट्रेलिया (AUSW vs PAKW) के लिए पाकिस्तान के खिलाफ महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के मैच में उतरी थीं। रोचक बात यह है कि दोनों ही एक समय पर बैटिंग भी करते दिखाई दिए।
विकेटकीपर और ओपनिंग बैटर एलिसा ने न्यूजीलैंड के माउंट माउंगानुई में टीम के लिए मैच विनिंग पारी (72 रन) खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। स्टार्क और एलिसा ने छह साल पहले शादी की थी। दोनों ही अपनी-अपनी टीमों के अहम खिलाड़ी हैं और अक्सर एक-दूसरे को चीयर करने के लिए स्टेडियम पहुंचते हैं।
महिला क्रिकेट में हारा पाकिस्तान : पुरुषों का मुकाबला तो ड्रॉ रहा, लेकिन महिलाओं के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया टीम ने जीत दर्ज की। ओपनर एलिसा हिली की शानदार बल्लेबाजी और अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने महिला वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लिए। पाकिस्तान के लिए कप्तान बिस्माह मारूफ (78*) और ऑलराउंडर आलिया रियाज (53) को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं चल सकीं। दोनों ने 99 रन की साझेदारी की जिसकी मदद से पाकिस्तान ने छह विकेट पर 190 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टार विकेटकीपर एलिसा (72) ने अर्धशतक जमाया। ऑस्ट्रेलिया ने 15.2 ओवर बाकी रहते मैच जीत लिया।
पुरुषों का मुकाबला रहा ड्रॉ : दूसरी ओर, पाकिस्तान के ओपनर इमाम-उल-हक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ड्रॉ छूटे पहले टेस्ट क्रिकेट मैच की दोनों पारियों में शतक जड़े। अपने ओपनिंग जोड़ीदार अब्दुल्ला शफीक के साथ मिलकर उन्होंने एक नया रेकॉर्ड भी बनाया। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज पूरे मैच में विकेट लेने के लिए जूझते रहे और उन्होंने केवल चार विकेट हासिल किए। इमाम ने नवंबर 2019 के बाद अपना पहला टेस्ट मैच खेलते हुए पहली पारी में 157 रन बनाए जिसे पाकिस्तान ने चार विकेट पर 476 रन बनाकर समाप्त घोषित किया था। वह दूसरी पारी में 111 रन बनाकर नाबाद रहे।

Related posts

एमपीसीए जबलपुर में तीन दिवसीय मैच का आयोजन

Pradesh Samwad Team

डीडीसीए अंडर 19 क्रिकेट टूर्नामेंट : ध्रुव चौहान के हरफनमौला खेल से एन के खन्ना क्रिकेट क्लब ने सिटी जिमखाना को 17 रन से हराकर डीडीसीए अंडर 19 क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की

Pradesh Samwad Team

8वीं लाल परेड ओपन भोपाल बैडमिन्टन प्रतियोगिता प्रारंभ : रवि गुप्ता-संजय दुबे की जोडी क्वार्टर फाइनल में पहुॅची

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment