Pradesh Samwad
खेल

जो रूट ने इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी छोड़ने का किया एलान

इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी जो रूट ने टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है. रूट करीब पांच साल तक इंग्लैंड के कप्तान रहे. पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज और फिर वेस्टइंडीज से टेस्ट सीजन हारने के बाद लगातार उनकी कप्तानी की आलोचना हो रही थी. उनका प्रदर्शन बल्लेबाज के तौर पर पिछले लंबे समय से बढ़िया रहा, लेकिन टेस्ट में कप्तान के तौर पर फ्लॉप चल रहे थे. उनकी टीम ने अपने पिछले 17 टेस्ट मैचों में से केवल एक में जीत हासिल की, जिसके बाद तमाम दिग्गजों ने उन्हें कप्तानी छोड़ने की सलाह दी थी. देखने वाली बात होगी कि अब किस खिलाड़ी को यह भूमिका सौंपी जाएगी.
जो रूट ने इस फैसले के बाद कहा, ‘कैरेबियाई दौरे से लौटने और सोचने का समय मिलने के बाद मैंने इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान के रूप में पद छोड़ने का फैसला किया है. यह मेरे करियर में सबसे चुनौतीपूर्ण निर्णय रहा है, लेकिन अपने परिवार और मेरे सबसे करीबी लोगों के साथ इस पर चर्चा करने के बाद मुझे लगता है कि यह समय सही है. मुझे अपने देश की कप्तानी करने पर बहुत गर्व है और मैं पिछले पांच वर्षों को बड़े गर्व के साथ देखूंगा. यह काम करने और इंग्लिश क्रिकेट के शिखर का संरक्षक होने के लिए एक सम्मान की बात है.” रूट ने कहा कि वह आगे भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे और अगले कप्तान, टीम के साथियों और कोच की हर तरह से मदद करने के लिए तैयार रहेंगे.
इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान रहे जो रूट : जो रूट इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान माने जाते हैं. उनके नाम बतौर कप्तान सबसे अधिक मैच खेलने और जीत हासिल करने का रिकॉर्ड है. रूट की कप्तान में इंग्लैंड ने 27 टेस्ट मुकाबले जीते. रूट ने अपनी टेस्ट कप्तानी में 27 मैच जिताकर माइकल वॉन (26), एलिस्टर कुक (24) और एंड्रयू स्ट्रॉस (24) जैसे दिग्गजों को पछाड़ दिया. 2017 में एलिस्टर कुक के बाद रूट ने कप्तानी का जिम्मा संभाला था. उन्होंने कई ऐतिहासिक सीरीज में टीम का नेतृत्व कर जीत दिलाई. रूट के कार्यकाल में इंग्लैंड 2018 में भारत के खिलाफ 4-1 से घरेलू श्रृंखला जीती थी.
साल 2020 में दक्षिण अफ्रीका से 3-1 की जीत रूट की कप्तानी में ही मिली. साल 2018 में वह 2001 के बाद से श्रीलंका में टेस्ट सीरीज़ जीतने वाले पहले इंग्लिश कप्तान बने. इस उपलब्धि को उन्होंने 2021 में श्रीलंका में 2-0 से जीत के साथ दोहराया. रूट एलिस्टर कुक के बाद इंग्लैंड के दूसरे सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और कप्तान के रूप में जो रूट ने 14 शतक बनाए हैं. कप्तान के रूप में उन्होंने 5,295 रन बनाए हैं. रूट टेस्ट कप्तान के तौर पर इतने रन बनाने वाले दुनिया के पांचवें खिलाड़ी हैं. इस लिस्ट में ग्रीम स्मिथ, एलन बॉर्डर, रिकी पोंटिंग और विराट कोहली के बाद वे 5वें नंबर पर हैं.

Related posts

Pradesh Samwad Team

राजस्थान ने पंजाब पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराकर प्ले आफ के लिए क्वालीफाई करने का अपना दावा मजबूत किया

Pradesh Samwad Team

IPL पर अपने बयान से ‘पलटे’ पीसीबी चीफ रमीज राजा

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment