Pradesh Samwad
खेल

ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 7 विकेट से रौंदा, डेविड वॉर्नर ने जड़ी तूफानी फिफ्टी


लंबे समय के बाद लय में लौटे विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर की 65 रन की पारी से ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी टी20 विश्व कप सुपर 12 चरण के ग्रुप एक के मैच में गुरुवार को श्रीलंका को सात विकेट से शिकस्त दी। वॉर्नर ने 42 गेंद की पारी में 10 शानदार चौके लगाने के साथ पहले विकेट के लिए कप्तान आरोन फिंच के साथ 6.5 ओवर में 70 रन की साझेदारी की। फिंच ने 23 गेंद में 37 रन की पारी के दौरान पांच चौके और दो छक्के लगाए। वॉर्नर ने इसके साथ ही पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ (26 गेंद में नाबाद 28) के साथ तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की।
श्रीलंका के 155 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 18 गेंद शेष रहते तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की यह दो मैचों में दूसरी जीत है। टीम ग्रुप तालिका में इंग्लैंड के बाद दूसरे स्थान पर है। श्रीलंका इतने ही मैचों में एक जीत और एक हार से चौथे स्थान पर है। कुसल परेरा और चरिथ असलंका की 35-35 रन की पारियों के बाद आखिरी ओवरों में भानुका राजपक्षे (नाबाद 33) की आक्रामक बल्लेबाजी से श्रीलंका ने छह विकेट पर 154 रन बनाए। परेरा ने 25 गेंद तो वहीं असलंका ने 27 गेंद की पारी में एक समान चार चौके और एक छक्का जड़ा।
राजपक्षे ने भी 26 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जम्पा, पैट कमिंस और मिशेल स्टार्क ने दो-दो विकेट लिए। इसमें जम्पा काफी किफायती रहे। मैन ऑफ द मैच जम्पा ने चार ओवर में सिर्फ 12 रन खर्च किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉर्नर और फिंच ने ऑस्ट्रेलिया को काफी तेज शुरुआत दिलायी। फिंच ने चमिका करूणारत्ने के पहले ओवर में दो चौके जड़े तो वहीं वॉर्नर ने महीश के खिलाफ चौका लगाया। दोनों ने लाहिरू कुमारा के पारी के तीसरे ओवर से 20 रन बटोरे।
इसमें फिंच का छक्का और चौका जबकि वॉर्नर के दो चौके शामिल थे। फिंच ने इसके बाद पांचवें ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर दुशमंता चमीरा के खिलाफ छक्का और फिर चौका लगाया। इसी ओवर की चौथी गेंद पर विकेटकीपर कुसल परेरा ने उनका आसान कैच छोड दिया। ऑस्ट्रेलिया ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 63 रन बना लिए। वॉर्नर ने सातवें ओवर में वानिंदु हसरंगा की गेंद पर चौका जड़ा लेकिन पिछले कुछ समय से टीम के इस सबसे सफल गेंदबाज ने फिंच और फिर अपने अगले ओवर में ग्लेन मैक्सवेल को पवेलियन की राह दिखायी। उनकी गेंद फिंच के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटों पर जा लगी। मैक्सवेल बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में अविष्का फर्नांडो को कैच थमा बैठे। उन्होंने पांच रन बनाए।

Related posts

9th इंटर कॉलेज & कॉर्पोरेट क्रिकेट प्रतियोगिता : कॉर्पोरेट राउंड में लाकेसिटी वारियर्स ने नगर निगम फायर को 6 विकेट से हराया

Pradesh Samwad Team

31 march

Pradesh Samwad Team

कोहली की वजह से इस शख्स की गर्लफ्रेंड ने छोड़ा

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment