Pradesh Samwad
देश विदेश

बलूचों के खून से सने हैं ISI के नए चीफ के हाथ, जानें कौन हैं लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम

पाकिस्‍तानी सेना ने एक आश्‍चर्यजनक फैसले में तालिबान को अफगानिस्‍तान पर कब्‍जे में मदद करने वाले आईएसआई चीफ लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद का तबादला कर दिया है। फैज हमीद को अब पेशावर कोर का कमांडर बनाया गया है। उनकी जगह पर लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम को आईएसआई का नया चीफ बनाया गया है। लेफ्टिनेंट जनरल फैज का यह तबादला ऐसे समय पर किया गया है जब उनका पिछले दिनों काबुल दौरा पूरी दुनिया में विवादों में आ गया था। आइए जानते हैं कि कौन हैं आईएसआई के नए चीफ लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम….
पाकिस्‍तान में खुफिया एजेंसी आईएसआई प्रमुख की नियुक्ति प्रधानमंत्री की ओर से की जाती है, लेकिन परंपरा के अनुसार प्रधानमंत्री पाकिस्तान के सेना प्रमुख की सलाह से इस शक्ति को उपयोग करते हैं। आईएसआई प्रमुख का पद पाकिस्तानी सेना में सबसे महत्वपूर्ण पदों में से एक माना जाता है। रक्षा और विदेश मामले में आईएसआई चीफ की भूमिका काफी अहम होती है। पाकिस्‍तानी सेना ने देश के करीब 73 साल के इतिहास में आधे से अधिक समय तक शासन किया है। यही नहीं इस पद पर बैठा व्‍यक्ति राजनीतिक लिहाज से भी बेहद महत्‍वपूर्ण होता है।
जानें कौन हैं लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम : पाकिस्‍तान में किसकी सरकार बनेगी, इसमें आईएसआई की भूमिका काफी अहम होती है। यही वजह है कि प्रत्‍येक राजनीतिक दल की कोशिश रहती है कि आईएसआई को मिलाकर रखा जाए। नए आईएसआई चीफ लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम पाकिस्तानी सेना की पंजाब रेजिमेंट से हैं और वह कराची कोर कमांडर के साथ ही कमांड एंड स्टाफ कॉलेज क्वेटा के कमांडेंट के रूप में भी काम कर चुके हैं। अंजुम ने पाकिस्‍तान के अशांत बलूचिस्‍तान प्रांत में कई अभियान चलाए हैं। जहां पाकिस्‍तानी सेना पर मानवाधिकारों के उल्‍लंघन के आरोप लगते रहे हैं। कई बलूच परिवारों ने आरोप लगाया है कि पाकिस्‍तानी सेना उनके जवान बच्‍चों को उठा ले जाती है।
कहा जाता है कि नदीम को युद्ध का काफी अनुभव है। इससे पहले लेफ्टिनेंट जनरल नदीम पाकिस्‍तान के फ्रंटियर कोर बलूचिस्‍तान के महानिदेशक रह चुके हैं। नदीम के अधीनस्‍थ अधिकारी उन्‍हें तेज दिमाग वाला और काम में व्‍यस्‍त रहने वाला मानते हैं। आईएसआई के नए चीफ अच्‍छे श्रोता हैं और बहुत कम बोलते हैं। यही नहीं नदीम भारत से लगी एलओसी पर भी कमांड कर चुके हैं। उन्‍होंने अपना ग्रैजुएशन ब्रिटेन के रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्‍टडी से किया है। उनके पास अमेरिका के होनोलूलू स्थित एशिया पैशफिक सेंटर से भी पढ़ाई की है।
जनरल कमर बाजवा के करीबी थे फैज हमीद : आईएसआई के पूर्व चीफ रहे फैज हमीद को 16 जून, 2019 को एजेंसी का प्रमुख नियुक्त किया गया था। उससे पहले उन्होंने आईएसआई में आंतरिक सुरक्षा के प्रमुख के रूप में काम किया था। हमीद को सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा का करीबी माना जाता है और उन्हें ऐसे महत्वपूर्ण समय में आईएसआई प्रमुख नियुक्त किया गया था जब कई बाहरी और आंतरिक सुरक्षा चुनौतियां थीं। उन्होंने सितंबर में काबुल का दौरा किया था और मीडिया के साथ एक संक्षिप्त बातचीत में कहा था कि अफगानिस्तान में ‘सब कुछ ठीक हो जाएगा।’
लेफ्टिनेंट जनरल फैज ने यह बयान उस समय दिया था जब सरकार की घोषणा में देरी के कारण तालिबान अधिकारियों के बीच मतभेदों की अफवाहें थीं। सेना ने एक आधिकारिक बयान में वरिष्ठ स्तर पर दो और नियुक्तियों की भी घोषणा की। इसमें कहा गया है कि लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद आमिर को गुजरांवाला कोर का कमांडर नियुक्त किया गया है जबकि लेफ्टिनेंट जनरल असीम मुनीर को सेना का क्वार्टर मास्टर जनरल (क्यूएमजी) नियुक्त किया गया है।

Related posts

UN मानवीय मामलों के एजेंसी प्रमुख की तालिबान नेता मुल्ला बरादर से मुलाकात, दिया अफगानिस्तान की मदद का भरोसा

Pradesh Samwad Team

कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते न्यूजीलैंड में रेड अलर्ट जारी, प्रधानमंत्री जैसिंडा अडर्न ने रद्द की अपनी शादी

Pradesh Samwad Team

कब्जाई जमीन लौटाओ… चीन के खिलाफ नेपाल में फूटा गुस्सा, काठमांडू में सड़कों पर उतरे लोग

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment