Pradesh Samwad
खेल

फिरकी में जडेजा-अक्षर का मिलेगा साथ, नई गेंद संभाल सकते हैं अश्विन


रविचंद्रन अश्विन ने मंगलवार को नेट अभ्यास के दौरान नई गेंद से गेंदबाजी की जिससे माना जा रहा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाले पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में ग्रीन पार्क की स्पिनरों की मददगार पिच पर यह वरिष्ठ भारतीय ऑफ स्पिनर गेंदबाजी का आगाज कर सकता है।
अश्विन ने पिछले साल जून से कोई टेस्ट मैच नहीं खेला और वह भारत की तरफ से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में हरभजन सिंह (417 विकेट) को पीछे छोड़कर तीसरे नंबर पर काबिज होने के करीब हैं।
अश्विन ने अब तक 79 मैचों में 413 विकेट लिए हैं। अनिल कुंबले (619) और कपिल देव (434) भारत के लिए सर्वाधिक टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शीर्ष दो स्थानों पर काबिज हैं।
अश्विन इससे पहले भी टेस्ट मैचों में नई गेंद साझा कर चुके हैं। उन्होंने 33 टेस्ट मैचों की 39 पारियों में नई गेंद साझा की है। इनमें से 15 अवसरों पर उन्होंने पारी का पहला ओवर किया।
इस साल के शुरू में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई टेस्ट की दोनों पारियों में अश्विन ने नई गेंद साझा की थी जबकि अहमदाबाद में दूसरी पारी में अक्षर पटेल के साथ गेंदबाजी की शुरुआत की थी।
अजिंक्य रहाणे उन्हें फिर से यह जिम्मेदारी सौंप सकते हैं और यदि पिच से मदद मिलती है तो न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिये उनका सामना करना आसान नहीं होगा। अभ्यास सत्र के दौरान जब अश्विन ने बल्लेबाजी की तो मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने उन्हें बैकलिफ्ट को लेकर कुछ गुर भी सिखाए।
भारत पहले टेस्ट मैच में तीन स्पिनरों के साथ उतर सकता है। अश्विन और रविंद्र जडेजा के साथ अक्षर पटेल को तीसरे स्पिनर के रूप में उतारा जा सकता है, जिन्होंने इस साल इंग्लैंड के खिलाफ अपनी पदार्पण श्रृंखला में 27 विकेट लिए थे। जयंत यादव टीम में शामिल चौथे स्पिनर हैं।

Related posts

47वां अखिल भारतीय त्यागमुर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2022 :वर्षाबाधित मैच में अम्बिका एस्टर्डम क्रिकेट क्लब सेमीफाइनल में

Pradesh Samwad Team

रावलपिंडी टेस्ट ड्रॉ, इमाम और शफीक ने तोड़ा 53 साल पुराना रिकॉर्ड

Pradesh Samwad Team

राहुल को भारत के भावी कप्तान के रूप में तैयार किया जा सकता है : गावस्कर

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment