Pradesh Samwad
खेल

आईपीएल खिताब जीतने वाले सबसे ‘बुजुर्ग’ कप्तान बने धोनी, शेन वॉर्न को पीछे छोड़ा

चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल 2021 फाइनल में कोलकाता नाइटराइडर्स (CSK vs KKR Final) को हराकर चौथी बार खिताब अपने नाम किया। खिताबी मुकाबले में सीएसके ने केकेआर को 27 रन से पराजित किया। इसके साथ महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए हैं।
धोनी (MS Dhoni) ने 40 साल की उम्र में आईपीएल का 14वां एडिशन अपने नाम किया। इसके अलावा धोनी सबसे अधिक बाद आईपीएल खिताब जीतने वाले दूसरे कप्तान बन गए हैं। इस लिस्ट में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा टॉप पर हैं। रोहित ने मुंबई को रेकॉर्ड 5 बार आईपीएल खिताब दिलाए हैं।
धोनी ने 29 साल की उम्र में पहली बार चेन्नई को आईपीएल चैंपियन बनाया था। 38 साल की उम्र में माही ने 2018 में सीएसके को तीसरी बार चैंपियन बनायाा।
आईपीएल खिताब जीतने वाले उम्रदराज कप्तान : धोनी ने 40 साल की उम्र में चेन्नई को आईपीएल 2021 का खिताब दिलाया। इससे पहले शेन वॉर्न (Shane Warne) ने साल 2008 में जब राजस्थान रॉयल्स को चैंपियन बनाया था उस समय उनकी उम्र 39 साल थी। एडम गिलक्रिस्ट ने 37 साल की उम्र में साल 2009 में डेक्कन चार्जर्स को अपनी कप्तानी में आईपीएल खिताब दिलाया था।
फाफ डु प्लेसिस ने खेली 86 रन की पारी : फाफ डु प्लेसिस की आकर्षक अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजो की शानदार वापसी के दम पर महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स ने दुबई इंटरनैशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में केकेआर को 27 रन से हराकर चौथी बार आईपीएल का खिताब जीता।
चेन्नई ने टॉस गंवाने के बाद बनाया मजबूत स्कोर : चेन्नई ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर बनाया। इसके जवाब में केकेआर अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाया और 9 विकेट पर 165 रन ही बना सका।
डुप्लेसिस ने तीसरे ओवर में जीवनदान मिलने के बाद पारी की अंतिम गेंद पर आउट होने से पहले 59 गेंदों पर 86 रन बनाए जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के इस अनुभवी बल्लेबाज ने इस बीच रुतुराज गायकवाड़ (27 गेंदों पर 32 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 61 और रोबिन उथप्पा (15 गेंदों पर 31 रन, तीन छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 63 रन और मोईन अली (20 गेंदों पर नाबाद 37, दो चौके, तीन छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 68 की उपयोगी साझेदारियां की।
शुभमन गिल (43 गेंदों पर 51, छह चौके) और वेंकटेश अय्यर (32 गेंदों पर 50, पांच चौके, तीन छक्के) ने पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़कर केकेआर को ठोस शुरुआत दिलाई लेकिन इसके बाद उसने 34 रन के अंदर आठ विकेट गंवा दिए।

Related posts

अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय वुडबॉल प्रतियोगिता 2021-22 मे मध्यांचल प्रोफेशनल विश्वविद्यालय रातीबड़ भोपाल की टीम ने एक रजत पदक व दो कांस्य पदक अर्जित कर विश्विद्यालय का नाम रोशन किया।

Pradesh Samwad Team

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज से हट सकते हैं इंग्लैंड के बड़े खिलाड़ी, सामने आई बड़ी वजह

Pradesh Samwad Team

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश ने 10 पदक हासिल किए

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment