26.2 C
Madhya Pradesh
April 11, 2026
Pradesh Samwad
खेल

मैच जीतकर भी प्लेऑफ की जंग हारी मुंबई इंडियंस, 5 बार की चैंपियन का सफर हुआ खत्म


ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव के तूफानी अर्धशतकों से मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग के आखिरी लीग मैच में शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद को 42 रन से हराया लेकिन प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाइ करने में नाकाम रहा। मुंबई के 236 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की टीम आठ विकेट पर 193 रन ही बना सकी। मुंबई को प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाइ करने के लिए सनराइजर्स को 65 रन के स्कोर से कम पर रोकना था। मुंबई और कोलकाता नाइटराइडर्स के समान 14 अंक रहे लेकिन रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम खराब नेट रन रेट (0.116) के कारण पांचवें स्थान पर रही।
नाइटराइडर्स ने बेहतर नेट रन रेट (0.587) से चौथा स्थान हासिल किया। सनराइजर्स की टीम आठ टीमों की तालिका में छह अंक के साथ अंतिम स्थान पर रही। सनराइजर्स की ओर से मनीष पांडे (41 गेंद में नाबाद 69, सात चौके, दो छक्के), जेसन रॉय (34) और अभिषेक शर्मा (33) ने उपयोगी पारियां खेली। मुंबई की ओर से जेम्स नीशाम ने 28, जसप्रीत बुमराह ने 39 और नाथन कोल्टर नाइल ने 40 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। ईशान ने 32 गेंद में 84 जबकि सूर्यकुमार ने 40 गेंद में 82 रन बनाए जिससे मुंबई ने नौ विकेट पर 235 रन बनाए जो टीम का आईपीएल इतिहास का सर्वोच्च स्कोर है। यह आईपीएल 2021 का भी सर्वोच्च स्कोर है।
ईशान ने अपनी पारी में 11 चौके और चार छक्के मारे जबकि सूर्यकुमार ने 13 चौके और तीन छक्के जड़े। मुंबई का इससे पहले सर्वोच्च स्कोर छह विकेट पर 223 रन था जो उसने किंग्स इलेवन के खिलाफ 2017 सत्र में बनाया था। जेसन रॉय (34) और अभिषेक शर्मा (33) ने लक्ष्य का पीछा करते हुए पांच ओवर में 60 रन जोड़कर मुंबई की प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। ट्रेंट बोल्ट ने रॉय को क्रुणाल पंड्या के हाथों कैच कराके हैदराबाद को पहला झटका दिया। टीम ने पावर प्ले में एक विकेट पर 70 रन बनाए। नीशाम ने इसके बाद अभिषेक को कोल्टर नाइल के हाथों कैच कराया।
नियमित कप्तान केन विलियमसन के चोटिल होने के कारण टीम की कमान संभाल रहे पांडे ने क्रुणाल पंड्या की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा। पीयूष चावला ने मोहम्मद नबी (02) को कीरोन पोलार्ड के हाथों कैच कराके हैदराबाद को तीसरा झटका दिया। अब्दुल समद (02) ने एक रन के साथ नौवें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया लेकिन अगले ओवर में नीशाम की गेंद पर पोलार्ड को कैच दे बैठे। पांडे और प्रियम गर्ग ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया।
गर्ग ने नीशाम की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा जबकि पांडे ने कोल्टर नाइल के साथ ऐसा किया। सनराइजर्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 80 रन की जरूरत थी। जसप्रीत बुमराह ने इसके बाद गर्ग (29) को आउट किया। पांडे ने बुमराह पर चौके के साथ 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। कोल्टर नाइल ने जेसन होल्डर (01) को बोल्ट के हाथों कैच कराया जबकि ऋद्धिमान साहा (02) को भी आउट किया। बुमराह ने राशिद खान (09) को पवेलियन भेजा और हैदराबाद की टीम लक्ष्य से काफी पीछे रह गई।
मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद ईशान ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। ईशान ने पहले ओवर में मोहम्मद नबी पर छक्का जड़ने के बाद अगले ओवर में सिद्धार्थ कौल पर लगातार चार चौके मारे। ईशान ने जेसन होल्डर पर छक्के के साथ चौथे ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने ओवर की अंतिम दो गेंद पर दो और चौके जड़े और सिर्फ 16 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जो आईपीएल 2021 का सबसे तेज अर्धशतक है। ईशान आईपीएल पारी के पहले चार ओवर में अर्धशतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं।
इससे पहले पंजाब किंग्स के कप्तान लोकेश राहुल दो बार यह कारनामा कर चुके हैं। राशिद खान ने छठे ओवर में रोहित को नबी के हाथों कैच कराके पहले विकेट की 80 रन की साझेदारी का अंत किया। उन्होंने 18 रन बनाए। मुंबई ने पावर प्ले में एक विकेट पर 83 रन बनाए। ईशान ने राशिद पर छक्के के साथ आठवें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए हार्दिक पंड्या (10) ने होल्डर की गेंद पर रॉय को कैच थमाया। युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने अगले ओवर में ईशान को विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच कराके मुंबई को बड़ा झटका दिया।

Related posts

शिवम चौधरी के शानदार खेल की बदोलत सहगल क्रिकेट क्लब अखिल भारतीय आर.वी. स्पोर्ट्स क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफइनल में प्रवेश किया

Pradesh Samwad Team

उकसावे के नतीजे में मिली पराजय

Pradesh Samwad Team

कॉर्पाेरेट बैडमिन्टन चैम्पियनशिप

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment