Pradesh Samwad
खेल

न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने यूं लिया हार का ‘बदला’, बांग्लादेश के खिलाफ लगाया शानदार दोहरा शतक

कुल 252 रन, 34 चौके और 2 छक्के और 373 गेंदों का सामना। न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने कुछ इस अंदाज में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली हार का ‘बदला’ लिया।
मैच में मौसम का असर पड़ सकता है और इस वजह से न्यूजीलैंड ने गियर बदलने शुरू किए। उन्होंने मोमिनुल हक के ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाया। इसकी अगली गेंद भी बाउंड्री लाइन के पार गई। तीसरी गेंद पर गेंद लाथम के बल्ले के और बीचोबीच लगी और उसने ज्यादा दूरी तय की। लाथम ने चौथी गेंद पर भी बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया। इस बार गेंदबाज ने चकमा दिया। गेंद ने बल्ले का किनारा लिया। लाथम न गेंद को टाइम कर पाए और न ही उसे दूरी मिली। गेंद हवा में बहुत ऊंची गई।
इस गेंद की रफ्तार भी कम थी। लाथम शॉट जल्दी खेल गए। स्क्वेअर लेग पर यासिर अली ने गेंद को कैच किया। लाथम करीब 125 ओवर तक पिच पर रहने के बाद पविलियन लौटे। वह अपने घरेलू मैदान पर 252 रन बनाकर लौटे। क्राइस्टचर्च के मैदान पर यह सबसे बड़ा स्कोर है।
बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में हारना वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन न्यूजीलैंड को गवारा नहीं गुजारा होगा। तभी तो दूसरे टेस्ट में उसने बांग्लादेश के खिलाफ जमकर हमला बोल रखा है। पहले दिन उसने सिर्फ एक विकेट पर 349 रन बना डाले थे। टीम के इस स्कोर में कप्तान टॉम लाथम का बहुत योगदान था। वह 186 रन बनाकर नाबाद रहे थे। वहीं डेवॉन कॉन्वे 99 रन पर नाबाद लौटे थे। मैच के दूसरे दिन कॉन्वे जहां सेंचुरी बनाकर आउट हुए वहीं लाथम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए दोहरा शतक पूरा किया।
यह टॉम लाथम के टेस्ट करियर का दूसरा दोहरा शतक था। हेगली ओवल मैदान पर बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने तस्कीन अहमद की गेंद पर चौका लगाकर अपनी डबल सेंचुरी पूरी की। अहमद की गेंद बाहर की ओर ऐंगल करके फेंकी गई थी। लाथम ने पैर बाहर निकाला और पॉइंट से थोड़ा दूर गेंद को ड्राइव कर दिया। चार रन। इन चार रनों के साथ ही उनका दोहरा शतक पूरा हो गया।
यह टॉम लाथम का घरेलू मैदान है। और उन्होंने इसका भरपूर फायदा उठाया है। उन्होंने कॉन्वे के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 215 रन की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने बांग्लादेश को कोई मौका नहीं दिया। कॉन्वे अपने टेस्ट करियर की पहली पांच पारियों में पांच 50+ स्कोर बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए।
लाथम के दोहरे शतक की बात करें तो उन्होंने इसके लिए 305 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 31 चौके लगाए। लाथम ओपनर के तौर पर न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा सेंचुरी बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कोच जॉन राइट के रिकॉर्ड की बराबरी की। राइट ने 82 मैचों की 148 पारियों में 12 शतक लगाए थे। वहीं लाथम ने 63 मैचों की 110 पारियों में यह मुकाम हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड के लिए सबसे अधिक शतक लगाने के मामले में अब वह चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।
न्यूजीलैंड के लिए सबसे अधिक शतक कप्तान केन विलियमसन के नाम है। उन्होंने 24 शतक लगाए हैं। उनके बाद नंबर आता है न्यूजीलैंड के सबसे अनुभवी बल्लेबाज रोस टेलर का। उन्होंने 19 शतक लगाए हैं, जबकि पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज मार्टिन क्रो के नाम 17 शतक हैं।

Related posts

प्रिया मिश्रा के खेल से रिहतक रोड जिमखाना और क्रिसेंट अकादमी जी एच् सी ए लाइव वीमेन क्रिकेट टी -20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में

Pradesh Samwad Team

राष्ट्रीय लाइफ सेविंग सोसाइटी मध्य प्रदेश वर्ल्ड लार्जेस्ट स्विमिंग लेशन का आयोजन भोपाल में किया

Pradesh Samwad Team

10 मीटर एयर रायफल मेन सीनियर फायनल में पार्थ पहले, अभिनव दूसरे और संदीप तीसरे स्थान पर
जूनियर 10 मीटर एयर रायफल मेन फायनल में पार्थ पहले, दिव्यांश दूसरे तथा उमा महेश तीसरे स्थान पर

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment