Pradesh Samwad
देश विदेश

जूलियन असांजे को जेल में शादी करने की मिली इजाजत


विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को जेल में अपनी साथी स्टेला मॉरिस से शादी करने की अनुमति मिल गई है। ब्रिटिश अधिकारियों ने यह जानकारी दी। असांजे को 2019 से लंदन की उच्च सुरक्षा वाली बेलमार्श जेल में रखा गया है। वह जासूसी के आरोप में खुद को प्रत्यर्पित करने के अमेरिकी प्रयास के खिलाफ लड़ रहे हैं। असंबद्ध यौन अपराधों के आरोपों पर स्वीडन प्रत्यर्पित किए जाने से बचने के लिए लंदन में इक्वाडोर के दूतावास में असांजे के सात साल रहने के दौरान दोनों ने अपने रिश्ते की शुरुआत की।
असांजे और दक्षिण अफ्रीका में जन्मीं वकील मॉरिस के दो बेटे गेब्रियल (04) और मैक्स (02) हैं। मॉरिस ने कहा, ‘‘मैं राहत महसूस कर रही हूं कि अनुमति मिल गई है और मुझे उम्मीद है कि हमारी शादी में कोई और हस्तक्षेप नहीं होगा।” जनवरी में, एक न्यायाधीश ने असांजे के प्रत्यर्पण के लिए अमेरिकी अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था। असांजे और मॉरिस ने अप्रैल 2020 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था और शादी की अनुमति के लिए जेल अधिकारियों के पास आवेदन किया था।
उन्होंने जेल गवर्नर और न्याय मंत्री डॉमिनिक राब के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी दी थी और उन पर शादी रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया। जेल सेवा (प्रिजन सर्विस) ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘असांजे का आवेदन किसी अन्य कैदी की तरह जेल गवर्नर द्वारा सामान्य तरीके से प्राप्त कर विचार किया गया और इस पर फैसला लिया गया।” शादी के लिए अभी कोई तारीख तय नहीं की गई है।

Related posts

काबुल एयरपोर्ट पर कब्जे को लेकर बेचैन क्यों है तुर्की? तालिबानी आतंक के बावजूद फैसले पर अड़े एर्दोगन

Pradesh Samwad Team

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका में ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष से की मुलाकात

Pradesh Samwad Team

बेंजामिन नेतन्याहू की बढ़ी मुश्किलें, भ्रष्टाचार के मामले में साथी ही बन गया सरकारी गवाह

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment