23.1 C
Madhya Pradesh
August 18, 2026
Pradesh Samwad
देश विदेश

श्रीलंका में मिला कोरोना वायरस के डेल्टा वैरियंट का नया स्ट्रेन


श्रीलंका में शुक्रवार को कोविड-19 के डेल्टा वैरियंट के नए स्ट्रेन का पता चला है। वैज्ञानिकों ने इस स्ट्रेन को बी.1.617.2.एवाई 104 नाम दिया है। यह श्रीलंका में मिला कोरोना वायरस का तीसरा म्यूटेट फॉर्म है। कोरोना का डेल्टा वैरियंट (बी.1.617.2) अत्यंत ही संक्रामक है। इसी वैरियंट के कारण भारत में अप्रैल-मई महीने में कोरोना ने भयानक तबाही मचाई थी। अब श्रीलंका में इसके नए वैरियंट के मिलने से भारत की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है।
जांच के लिए हॉन्ग कॉन्ग भेजा गया नमूना : दुनियाभर में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने के पीछे डेल्टा वैरियंट ही मुख्य कारण है। यहां तक कि बड़ी संख्या में टीका लगवा चुकी आबादी पर भी इसके प्रभाव दिखाई दिये हैं। हालांकि, इसके सब-टाइप ‘एवाई 104’ की संक्रमण क्षमता का अभी पता नहीं चला है। अधिकारियों ने कहा कि इसके नमूनों को आगे विश्लेषण के लिए हॉन्ग कॉन्ग की प्रयोगशालाओं में भेजा गया है।
जयवर्द्धनेपुरा विश्वविद्यालय के रिसर्चर्स ने खोजा नया स्ट्रेन : श्री जयवर्द्धनेपुरा विश्वविद्यालय में अनुसंधानकर्ताओं ने एवाई 104 का पता लगाया। सरकारी विश्वविद्यालय के आण्विक और कोशिका जीव विज्ञान विभाग में निदेशक डॉ चंदिमा जीवादरा ने कहा कि नये उत्परिवर्तन के सामने आने के बाद देश में अब तक वायरस के तीन स्वरूप सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहला स्वरूप बी.411 था, जो मूल सार्स-सीओवी-2 वायरस का प्रकार है। दूसरा बी.1.617.2.एवाई 28 था और अब यह तीसरा स्वरूप आया है।
श्रीलंका के उत्तर और दक्षिणी हिस्सों में इस स्ट्रेन का प्रभाव : उन्होंने कहा कि यह गौर करने की बात है कि नया स्वरूप उत्तर, उत्तर-मध्य और दक्षिणी प्रांतों में सामने आया है। अन्य स्वरूप पश्चिमी प्रांत (राजधानी कोलंबो) में सामने आये। इस बीच, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उत्तर-मध्य तथा दक्षिणी प्रांतों में कोविड-19 के प्रभाव वाले नये केंद्र बनने की चेतावनी दी है।
अधिकारियों का दावा- लापरवाही कर रहे लोग : स्वास्थ्य सेवा के उप महानिदेशक डॉ हेमंत हेरथ ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने की वजह से यह हुआ है। बिना नियमों के समारोह आयोजित किये गये। स्वास्थ्य मंत्री केहेलिया रामबुकवेला ने कहा कि 16 साल से अधिक उम्र की 75 प्रतिशत से अधिक आबादी और कुल आबादी के 61.8 प्रतिशत हिस्से ने कोविड-19 रोधी टीकों की दोनों खुराक ले ली है।

Related posts

श्रीलंका ने आज भारत से दूध पाउडर, चावल एवं दवाइयों के रूप में दो अरब रूपये की मानवीय सहायता प्राप्त की

Pradesh Samwad Team

अमेरिका ने जारी की नई ट्रैवल एडवाइजरी

Pradesh Samwad Team

आ सकता है ऐसा खतरनाक वेरियंट जो Coronavirus Vaccine को कर देगा बेअसर? ब्रिटेन के वैज्ञानिकों की चेतावनी

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment