Pradesh Samwad
खेल

भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को दी 107 रन से मात, टेबल में टॉप पर पहुंची

महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की. भारतीय महिला टीम ने इस वर्ल्ड कप के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 107 रन के विशाल अंतर से मात दी. इस बड़ी जीत के साथ ही भारतीय टीम पॉइंट टेबल में टॉप पर पहुंच गई है.
टॉस जीतकर भारत ने चुनी पहले बल्लेबाजी : मैच में भारतीय कप्तान मिताली राज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी. भारत की शुरुआत खराब रही और टीम ने 4 रन के कुल योग पर ही अपनी सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (0) का विकेट खो दिया. यहां से स्मृति मंधाना (52) और दीप्ति शर्मा (40) ने अपनी कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए 92 रन की साझेदारी की. 21.5 ओवर तक भारतीय टीम का स्कोर 96/1 था. लेकिन इसके बाद भारतीय टीम ने एक के बाद एक विकेट खोए और 114 रन तक आते-आते भारतीय महिला टीम अपने 6 विकेट गंवा बैठी.
स्नेह राणा और पूजा वस्त्रकार ने कराई वापसी : मुश्किल परिस्थिति में भारतीय महिला टीम की लाज मध्यक्रम की बल्लेबाजों ने बचाई. स्नेह राणा (53) और पूजा वस्त्रकार (67) ने 122 रन की शानदार साझेदारी कर मैच में भारतीय टीम की वापसी कराई. पूजा वस्त्रकार पारी के आखिरी ओवर में आउट हुईं, जबकि स्नेह राणा नाबाद पवेलियन लौटीं. दोनों खिलाड़ियों की अर्धशतकों की बदौलत भारतीय टीम ने निर्धारित पचास ओवर में 244 रन का स्कोर खड़ा किया. पाकिस्तान की टीम महज 137 रन पर सिमटी : 245 रन के लक्ष्य का पीछा करने पाकिस्तान की टीम महज 137 रन ही बना सकी. मैच में पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. पाक महिला टीम ने 28 रन पर ही अपना पहला विकेट गंवा दिया. इसके बाद लगातार अंतराल में टीम अपने विकेट खोती गई.
पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा रन ओपनर सिद्रा अमीन (30) ने बनाए.
भारत की ओर से राजेश्वरी गायकवाड़ ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके. बल्लेबाजी में धमाल मचाने वाली स्नेह राणा ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए पाकिस्तान के 2 विकेट चटकाए. झूलन गोस्वामी को भी दो विकेट हासिल हुए. वहीं दीप्ति शर्मा और मेघना सिंह के हिस्से एक-एक विकेट आया.

Related posts

चंदेल ऑप्टिकल्स क्लब ने मंगलायतन यूनिवर्सिटी को 157 रनों से पराजित किया

Pradesh Samwad Team

अखिल भारतीय स्व. आलोक महेश्वरी टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता -2022

Pradesh Samwad Team

लगातार दो टेस्ट जीतकर AUS की टेबल में छलांग, कहां है टीम इंडिया?

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment