Pradesh Samwad
खेल

भारत ने टी20 स्टाइल में जीता तीसरा वनडे मैच, सीरीज पर 2-1 से किया कब्जा

नई दिल्ली | भारत ने साउथ अफ्रीका को वनडे सीरीज के आखिरी मैच में टी20 स्टाइल में हराया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए तीसरे वनडे मैच में भारत के सामने जीत के लिए 100 रन का लक्ष्य था जिसे भारत की युवा टीम ने महज डेढ़ घंटे में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने तीन मैच की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया।
भारत ने 20वें ओवर में जीता तीसरा वनडे : इस मैच में साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों को जितनी हड़बड़ी पवेलियन पहुंचने की थी उससे कहीं ज्यादा जल्दी भारतीय बल्लेबाजों को जीत हासिल करने की थी। सामने 100 रन का छोटा लक्ष्य था। शिखर धवन और शुभमन गिल की जोड़ी क्रीज पर रुककर मैच प्रैक्टिस का आनंद ले सकते थे पर इन दोनों ने क्रीज पर आते ही लंबे-लंबे शॉट लगाने शुरू कर दिए। 42 के टोटल पर जब धवन आउट हुए तब भारतीय पारी के सिर्फ 6.1 ओवर गुजरे थे। गिल ने इस मैच में सबसे ज्यादा 49 रन बनाए।
श्रेयस अय्यर के बल्ले से निकला विजयी शॉट : हालांकि पिछले मैच में शतक बनाने की हड़बड़ी में नर्वस नाइंटीज में आउट हुए ईशान किशन ने थोड़ा वक्त लेकर खेलने की कोशिश जरूरत की लेकिन उनकी पारी भी 18 गेंदों पर 10 रन के निजी स्कोर पर रुक गई। इसके बाद आए पिछले मैच के शतकवीर श्रेयस अय्यर ने दिल्ली में अपनी पारी की शुरुआत वहीं से की रांची में जहां पर उन्होंने छोड़ा था। अय्यर ने 23 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाए। उन्होंने 20वें ओवर की पहली गेंद पर मार्को यान्सेन को सिक्स मारकर टीम इंडिया को फतह दिलाई।
भारत के खिलाफ लोएस्ट टोटल पर आउट हुआ साउथ अफ्रीका : साउथ अफ्रीका की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 99 रन पर ऑलआउट हो गई। यह भारत के खिलाफ वनडे में उसका लोएस्ट टोटल स्कोर है। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी ही टीम के 23 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इससे पहले भारतीय टीम ने 1999 में साउथ अफ्रीका को 117 रन पर ऑल आउट किया था जो टीम इंडिया के खिलाफ अब तक का उसका लोएस्ट टोटल था।
कुलदीप की जाल में फंसे साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज : साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहली पारी में चाइनामैन कुलदीप यादव ने करिश्माई गेंदबाजी की। उन्होंने मेहमान बल्लेबाजों को अपनी फिरकी की जाल में ऐसा फंसाया कि पूरी टीम दो अंकों में ही साफ हो गई। कुलदीप ने इस मैच में 4.1 ओवर में 18 रन देकर चार बल्लेबाजों को चलता किया। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।

Related posts

ICC ने ब्रैंडन टेलर पर साढ़े तीन साल का प्रतिबंध लगाया, देर से दी थी फिक्सर की जानकारी

Pradesh Samwad Team

68वी राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का शुभारम्भ

Pradesh Samwad Team

राष्ट्रीय ड्रेगन बोट रेस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश टीम का शानदार प्रर्दशन रहा

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment