Pradesh Samwad
खेल

नडाल रिकॉर्ड 21वें खिताब से एक जीत दूर, मेदवेदेव से होगा खिताबी मुकाबला


क्या रविवार को इतिहास रचा जाएगा। आधुनिक युग की टेनिस की त्रिमूर्ति इस समय 20 ग्रैंडस्लैम पर खड़ी है। और स्पेन के राफेल नडाल के पास जोकोविच और रोजर फेडरर से आगे निकलने का मौका होगा। जोकोविच को टूर्नमेंट से हटाया गया और फेडरर चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं। कुल मिलाकर नडाल के पास मौका सुनहरा है लेकिन ऑस्ट्रेलिया ओपन के पुरुष फाइनल में उनके सामने दानिल मेदवेदेव से होगा।
मेलबर्न:राफेल नडाल अब रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच को पछाड़कर पुरुष टेनिस में रिकॉर्ड 21वें एकल ग्रैंडस्लैम खिताब से महज एक जीत दूर हैं ।स्पेन के 35 वर्ष के इस धुरंधर ने इटली के माटियो बेरेत्तिनी को 6-3, 6-2, 3-6, 6-3 से हराकर छठी बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में प्रवेश किया, जहां उनका सामना दूसरी वरीयता प्राप्त दानिल मेदवेदेव से होगा।
यूएस ओपन चैंपियन मेदवेदेव ने एक अन्य सेमीफाइनल में स्टेफनोस सिटसिपास को 7-6 (5), 4-6, 6-4, 6-1 से पराजित किया। मेदवेदेव ओपन युग में पहले ऐसे खिलाड़ी बनने की कवायद में हैं जिन्होंने अपना पहला ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के बाद अगले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में भी जीत दर्ज की।
साल के इस पहले ग्रैंडस्लैम से पूर्व कोरोना संक्रमण और चोटों से जूझते आये नडाल को खुद पता नहीं था कि उनका सफर कितना लंबा होगा। उन्होंने तैयारी के लिए हुआ एक टूर्नामेंट जीता और यहां वह लगातार छह मैच जीत चुके हैं। एक और मैच जीतकर वह फेडरर और जोकोविच को पीछे छोड़ देंगे। इसके साथ ही सभी चार ग्रैंडस्लैम कम से कम दो बार जीतने वाले दूसरे पुरुष खिलाड़ी बन जाएंगे।
नडाल ने कहा, ‘मेरा फोकस सिर्फ ऑस्ट्रेलियाई ओपन खिताब पर है। मैं यहां थोड़ा बदकिस्मत रहा और चोटों के कारण कई बार नहीं जीत सका। एक बार यहां जीता हूं और कभी सोचा नहीं था कि 2022 में फिर जीत के करीब पहुंच पाऊंगा।’
अब तक सिर्फ एक बार 2009 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन जीत सके नडाल ने पहले दोनों सेटों में दबदबा बनाए रखा और इतालवी प्रतिद्वंद्वी को कोर्ट के चारों ओर दौड़ाया। दूसरे सेट में उन्होंने 4-0 की बढ़त बना ली। सातवीं वरीयता प्राप्त बेरेत्तिनी 11 प्रयासों में सिर्फ एक बार अपनी दूसरी सर्विस पर अंक बना सके।
भारी बारिश के कारण रॉड लेवर एरेना की छत बंद कर दी गई जिससे भीतर काफी उमस हो गई थी । ऐसे में गेंद भारी और सपाट हो गई थी । पहले दो सेट में सभी लंबी रेलियां छठी वरीयता प्राप्त स्पेनिश धुरंधर नडाल के पक्ष में गई।
तीसरे सेट में बेरेत्तिनी ने वापसी की और आठवें गेम में तीन ब्रेक प्वाइंट बनाकर दूसरे को भुनाया और 5-3 की बढ़त बना ली। उन्होंने अगले गेम में सर्विस बरकरार रखते हुए लगातार चार अंकों के साथ मैच को चौथे सेट में खिंचा ।

Related posts

राहुल तेवतिया-डेविड मिलर की तबाही, हारा हुआ मैच जीत गया गुजरात

Pradesh Samwad Team

निमिषा दायमा ने ट्रिपल जम्प में 12.04 मीटर कूद कर रजत पदक जीता

Pradesh Samwad Team

39वीं सीनियर एवं 23वीं ओपन स्प्रींट नेशनल रोइंग चैम्पियनशिप-2022

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment