Pradesh Samwad
देश विदेश

CDS जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि देने विशेष प्रार्थना में पहुंचे भूटान के राजा, नेपाल ने भी जताया दुख


भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर दुर्घटना में निधन पर दुनियाभर के देशों ने शोक जताया है। भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने भी दुख की घड़ी में सीडीएस रावत के निधन पर शोक जताते हुए संवेदना व्यक्त की है। पाकिस्तानी सेना, नेपाली सेना, श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे, नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने ट्वीट कर जनरल रावत को श्रद्धांजलि दी है।
भूटान में विशेष प्रार्थना का आयोजन : भूटान की राजधानी थिम्पू में जनरल रावत और उनकी पत्नी को श्रद्धांजलि देने के लिए विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और उनके पिता जिग्मे सिंग्ये वांगचुक भी शामिल हुए। भूटान में भारत की दूत रुचिरा कंबोज भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।
नेपाली पीएम ने जताया गहरा दुख : उधर, नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु पर दुख जताया और भारत सरकार व शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई। देउबा ने ट्वीट कर कहा कि जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी तथा कई अन्य रक्षा अधिकारियों की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु से काफी दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवार और भारतीय शस्त्र सेनाओं के प्रति मेरी संवदेना है।
नेपाली सेना प्रमुख बोले- मैं स्तब्ध : जनरल रावत को नेपाल का सच्चा मित्र बताते हुए नेपाल की सेना के प्रमुख जनरल प्रभु राम शर्मा ने कहा कि इस दुखद घटना से वह स्तब्ध हैं और संवदेना जताने के लिए बुधवार की शाम को जनरल रावत के परिवार को फोन किया। यह जानकारी नेपाल की सेना की तरफ से जारी बयान में दी गई है। जनरल रावत का नेपाल के साथ नजदीकी एवं सौहार्दपूर्ण संबंध था।
बांग्लादेश ने कहा- एक महान मित्र खो दिया : बांग्लादेश ने भी सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन पर शोक जताया है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर कहा कि एक दुखद हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत के निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा है। बांग्लादेश ने एक महान मित्र खो दिया है। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं भारत के लोगों और शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।

Related posts

रूस ने कमला हैरिस, जुकरबर्ग सहित 29 अमेरिकी नागरिकों पर लगाया प्रतिबंध

Pradesh Samwad Team

सेना को चेतावनी, गृहयुद्ध की तैयारी ? पाकिस्‍तान में ‘सबसे बड़ा’ जुलूस निकालेंगे इमरान खान

Pradesh Samwad Team

क्या LGBT फेस्टिवल से दुनिया में फूटा मंकीपॉक्स का ‘बम’? 80000 लोगों ने लिया था हिस्सा, कई संक्रमित

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment