Pradesh Samwad
प्रदेशमध्य प्रदेशराजनीति

मप्र उपचुनाव: खंडवा लोकसभा सीट में पिछले चुनाव के मुकाबले 13.02 प्रतिशत कम मतदान


भोपाल, 31 अक्टूबर (भाषा) मध्य प्रदेश में शनिवार को हुए उपचुनाव में खंडवा लोकसभा सीट पर 63.88 प्रतिशत मतदान हुआ, जो वर्ष 2019 में इस सीट पर हुए 76.90 प्रतिशत मतदान से 13.02 प्रतिशत कम है। यह जानकारी चुनाव आयोग के अधिकारियों ने रविवार को मतदान का अंतिम आंकड़ा आने के बाद दी।
इसके अलावा, शनिवार को प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में से दो विधानसभा सीटों रैगांव (सु) एवं पृथ्वीपुर पर क्रमश: 69.04 प्रतिशत एवं 78.14 प्रतिशत मतदान हुआ, जो वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के मुकाबले क्रमश: 5.49 फीसदी एवं 1.47 फीसदी कम है, जबकि जोबट (सु) सीट पर 53.30 प्रतिशत मतदान हुआ, जो वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के मुकाबले 0.46 फीसदी अधिक है। इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में औसतन मतदान 65.33 प्रतिशत हुआ।
वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में रैगांव विधानसभा सीट पर 74.53 प्रतिशत, पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर 79.61 तथा जोबट विधानसभा सीट पर 52.84 प्रतिशत मतदान हुआ।
जोबट विधानसभा सीट अलीराजपुर जिले में आता है। अलीराजपुर के एक वरिष्ठ पत्रकार ने कहा कि वर्ष 1956 में जोबट निर्वाचन क्षेत्र बना था और तब से यह पहली बार है कि इस सीट पर इस उपचुनाव में सबसे अधिक 53.30 प्रतिशत वोट डाले गए।
वहीं, स्थानीय लोगों ने कहा कि जोबट में कम मतदान इसलिए होता है, क्योंकि यहां के आदिवासी मतदाता बड़ी तादात में रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में चले जाते हैं, जिससे वे मतदान के दिन वहां मौजूद नहीं रह पाते हैं।
इस चारों सीटों पर कुल 48 प्रत्याशी मैदान में हैं और मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच है। इन चार सीटों में से खंडवा लोकसभा सीट सहित दो सीटों पर भाजपा का कब्जा था, जबकि बाकी दो सीट कांग्रेस के पास थी।
उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (मध्य प्रदेश) प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मतदान के दौरान कोई हिंसा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘दो नवंबर को प्रात: आठ बजे से संबंधित जिला मुख्यालयों पर मतों की गिनती की जायेगी।’’

Related posts

रविन्द्र भवन में चल रहे राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का समापन

Pradesh Samwad Team

पंजाब चुनाव में कहीं ‘खेला’ ना हो जाए! कांग्रेस ने कैप्टन पर छोड़ी ‘बागियों’ को मनाने की जिम्मेदारी

Pradesh Samwad Team

Zurücksetzen Einsatz Und Existieren Verhandler Optionen de-DE – DACH-Region Join Now

Leave a Comment