Pradesh Samwad
खेल

भारत ने प्रैक्टिस मैच में दिखाया दम, ईशान-राहुल की तूफानी फिफ्टी, शमी ने बजाई खतरे की घंटी

वर्ल्ड टी-20 में अपनी तैयारियां परखने के लिए भारत ने सोमवार रात अपना पहला प्रैक्टिस मैच खेला। इंग्लैंड के खिलाफ इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों को हाथ-पैर खोलने का पूरा मौका मिला। टॉस गंवाकर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 189 रन का विशाल लक्ष्य रखा था। जवाब में बैकअप ओपनर ईशान किशन और केएल राहुल के अर्धशतकों के बाद ऋषभ पंत की सूझबूझ भरी पारी के बूते भारत ने मैच सात विकेट से मैच अपने नाम किया।
राहुल-ईशान के तूफान में उड़ा इंग्लैंड : भारत ने अभ्यास मैच में नई ओपनिंग जोड़ी पर भरोसा जताया। पहले ओवर से ही दोनों बल्लेबाज सेट नजर आ रहे थे। आईपीएल में राहुल के बल्ले ने जमकर रन उगला था। यहां भी उनका फॉर्म बरकरार दिखा। राहुल 24 गेंद में ताबड़तोड़ 51 रन बनाकर आउट हुए। अब बारी ईशान किशन की थी। एक छोर पर कप्तान कोहली खड़े थे, तो दूसरे एंड से ईशान हवाई फायर लगाते रहे। जल्द ही उन्होंने भी छक्के से अपना अर्धशतक पूरा किया। शुरुआती 29 गेंद में 33 रन बनाने वाले इस खब्बू बल्लेबाज ने अपनी पारी के अंतिम 17 गेंद में 217.64 की स्ट्राइक रेट से 37 रन बनाए। 46 गेंद में 70 रन बनाकर उन्होंने सूर्यकुमार यादव के लिए मैदान छोड़ दिया ताकि उन्हें भी मैच प्रैक्टिस का मौका मिल सके।
ऋषभ पंत ने छक्का मारकर दिलाई जीत : भले ही मैच में तीसरे नंबर पर आए कप्तान विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव का बल्ला खामोश रहा, लेकिन चौथे नंबर पर प्रमोट किए गए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने छक्का मारकर जीत दिलाई। एक चौके और तीन छक्के की मदद से उन्होंने 14 गेंद में नाबाद 29 रन बनाए। छठे नंबर पर आए हार्दिक पंड्या जब आए तो मैच फंसा हुआ था। दबाव भरे माहौल में उन्होंने भी 10 गेंद में 16 रन बनाए, जिसमें 12 रन चौके से आए। विराट ने 13 गेंद में 11 रन बनाया जबकि सूर्यकुमार नौ गेंद में आठ रन का ही योगदान दे पाए।
शमी ने ओपनर्स को वापस भेजा : नई गेंद के साथ पहली पसंद मोहम्मद शमी चौथे ओवर में अटैक पर आए, लेकिन उनके स्पेल की शुरुआत चौके के साथ हुई। एक गेंद के बाद फिर बटलर ने उन पर जोरदार चौका जड़ा, जिसके बाद शमी थोड़े परेशान दिखे और वाइड गेंद कर डाली। हालांकि अगली ही गेंद पर उन्होंने बटलर (18) का स्टंप उखाड़ कर हिसाब बराबर कर दिया। जब पावरप्ले के अंतिम ओवर में शमी दोबारा अटैक पर लौटे तो इस बार उन्होंने दूसरे ओपनर जेसन रॉय (17) को चलता किया। शमी ने अपने दो ओवर में 16 रन देकर दो विकेट निकाल दिए।
राहुल चाहर की हुई धुनाई : इस मुकाबले में शामिल दोनों स्पिनर यानी रवि अश्विन और राहुल चाहर लय से भटके नजर आए। अनुभवी अश्विन एक बार फिर कुछ ज्यादा ही वेरिएशन करते नजर आए, जिन पर जॉनी बेयरस्टो और डेविड मलान ने आसानी से रन बनाए। हालांकि चाहर ने जरूर अपनी एक धीमी गेंद से मलान (18) को बोल्ड मारा। इस एक विकेट के बाद उनके चेहरे पर मुस्कान थी जिसे देख उम्मीद की जाने लगी कि चाहर का अब आत्मविश्वास के साथ गेंदबाजी करेंगे, लेकिन हुआ इसका उलट। चाहर ने इसके बाद कई शॉर्ट गेंदें फेंकी जिस पर जमकर रन बने। उन्होंने अपने चार ओवर में 43 रन लुटा दिए। अश्विन हालांकि कीफायती रहे और अपने कोटे के चार ओवर में सिर्फ 23 रन दिए, लेकिन वह विकेट नहीं निकाल सके।

Related posts

द्वितीया स्व. श्री कैलाश सारंग स्मृति अंडर 15 क्रिकेट लीग टूर्नामेंट का आयोजन आगामी 18/11/2021 से वी एस अकादमी के विवेकानंद खेल मैदान में किया जावेगा।

Pradesh Samwad Team

वेस्टइंडीज के टीम के 9 लोग कोविड पॉजिटिव, पाकिस्तान के साथ वनडे सीरीज हुई स्थगित

Pradesh Samwad Team

ENG v IND 2nd Day : बारिश के कारण दूसरे दिन का खेल समाप्त, भारत स्कोर 125/4

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment