Pradesh Samwad
खेल

इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी भारतीय टीम, इन खिलाड़ियों पर होंगी नजरें


टी20 विश्व कप में टीम के अभियान से शुरू होने से पहले सोमवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले अभ्यास मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली की नजरें हरफनमौला हार्दिक पांड्या की लय और बल्लेबाजी क्रम को सही करने पर होगी। भारतीय टीम को सोमवार को इंग्लैंड के बाद बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच खेलना है। टीम के सभी खिलाड़ी हाल ही में समाप्त हुई आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) का हिस्सा थे। ऐसे में कोहली के खिलाड़ियों के लिए मैच अभ्यास कोई समस्या नहीं है लेकिन 24 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ टूर्नामेंट में अपने शुरुआती मैच से पहले उनकी कोशिश सही संयोजन बनाने की होगी।
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम प्रबंधन उन खिलाड़ियों को मौका देना चाहेगा जिनकी जगह अंतिम एकादश में पक्की नहीं है। ऐसे खिलाड़ियों को बल्लेबाजी या गेंदबाजी के लिए और अधिक मौके देने की कोशिश होगी ताकि उनकी मौजूदा फॉर्म के बारे में बेहतर जानकारी मिल सके। सलामी बल्लेबाज के तौर पर उप-कप्तान रोहित शर्मा का स्थान पक्का है जबकि उनके साथी के तौर पर ईशान किशन और लोकेश राहुल के बीच किसी एक को चुनना कठिन विकल्प होगा।
इन अभ्यास मैचों में इन्हीं दोनों को पारी का आगाज करने का मौका मिल सकता है ताकि यह देखा जा सके की कौन बेहतर लय में है। राहुल हालांकि इसके लिए बड़े दावेदार होंगे क्योंकि उनके पास दबाव के मैच खेलने का अनुभव है। उन्होंने आईपीएल के 14वें सत्र में 138.80 के स्ट्राइक रेट से 626 रन (30 छक्कों सहित) बनाये है। किशन ने भी आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के आखिरी दो मैचों में लगातार तेज-तर्रार अर्धशतक लगाकर लय में आने के संकेत दिये। उन्होंने इन दोनों मैचों में पारी का आगाज किया था राहुल अगर पारी का आगाज करते है तो किशन मध्यक्रम में छठे स्थान पर हार्दिक को कड़ी टक्कर देंगे।
हार्दिक और किशन दोनों का हालांकि आईपीएल के यूएई चरण में प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। हार्दिक की गेंदबाजी भी एक बड़ा मुद्दा होगा। इस बात की संभावना कम है कि वह गेंदबाजी करेंगे। ऐसे में यह देखना भी दिलचस्प होगा कि अगर वह टीम का हिस्सा है तो विकेटकीपर ऋषभ पंत से पहले बल्लेबाजी करेंगे या बाद में। स्पिन गेंदबाजी विभाग में रविंद्र जडेजा का टीम में स्थान पक्का है। अगर वरुण चक्रवर्ती फिट रहते है तो टीम में उनका स्थान भी लगभग पक्का है। तीसरे स्पिनर के लिए लेग स्पिनर राहुल चाहर और ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के बीच मुकाबला होगा।
तेज गेंदबाजी की कमान भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह को मिलने की उम्मीद है, लेकिन अगर टीम दो स्पिनरों के साथ उतरने का फैसला करती है तो टीम में शार्दुल ठाकुर को जगह मिल सकती है। इंग्लैंड को जोस बटलर के साथ आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो से उम्मीद होगी। आईपीएल के प्रदर्शन को पैमाना रखे तो लियाम लिविंगस्टोन और डेविड मलान जैसे कुछ बल्लेबाज यहां संघर्ष कर सकते है। कप्तान इयोन मोर्गन कप्तान के तौर पर कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए शानदार रहे है लेकिन वह टूर्नामेंट में बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके।
टीमें इस प्रकार हैं – भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (कप्तान), लोकेश राहुल, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, वरुण चक्रवर्ती, राहुल चाहर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी , भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या।
इंग्लैंड: इयोन मोर्गन (कप्तान), जेसन रॉय, सैम बिलिंग्स, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, जोस बटलर (विकेटकीपर), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), मोइन अली, टॉम कुरेन, क्रिस जॉर्डन, डेविड विली, क्रिस वोक्स, टाइमल मिल्स, आदिल राशिद, मार्क वुड। मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।

Related posts

म.प्र. बॉक्सिंग अकादमी के खिलाड़ी अमन और रिषभ ने जीता 1-1 रजत तथा आनंद को कांस्य पदक
आनंद यादव और अमन सिंह बिष्ट ने वर्ल्ड यूथ बॉक्सिंग चैम्पियनशिप के लिए किया क्वालिफाय
खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया ने दी बधाई

Pradesh Samwad Team

ओबेदुल्ला गंज के ईशान खान एलएनसीटी यूनिवर्सिटी बेसबॉल टीम के कप्तान नियुक्त, नगर के ध्रुव खन्ना,महेश सोंधिया एवं आर्यन को भी उपलब्धि

Pradesh Samwad Team

टी20 की कप्तानी छोड़ने के बावजूद कोहली की 50 ओवर की कप्तानी पर भी खतरा

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment