Pradesh Samwad
प्रदेशमध्य प्रदेश

भोपाल इलाके की कीचड़ से भरी गड्ढों वाली सड़कों पर महिलाओं ने विरोध स्वरूप किया ‘कैटवॉक’


मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक इलाके में कीचड़ से भरी गड्ढों वाली सड़कों पर महिलाओं के एक समूह ने ‘कैटवॉक’ कर प्रदेश की खस्ताहाल सड़कों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके तुरंत बाद इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गये।
इस ‘कैटवॉक’ प्रदर्शन के आयोजक अंशु गुप्ता ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमने शहर के पॉश इलाके में स्थित दानिश नगर की कीचड़ से भरी गड्ढों वाली सड़कों पर शनिवार को ‘कैटवॉक’ कर विरोध प्रदर्शन किया। हमने तीन दशक पहले इस इलाके में प्लॉटों को खरीदने के लिए ज्यादा कीमत चुकाई थी, लेकिन ज्यादा कर चुकाने के बावजूद यहां कोई विकास कार्य नहीं हुआ है।”
उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि मूलभूत सुविधाओं की कमी पर अधिकारियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों को दिये गये हमारे आवेदन अनसुने कर दिए गए हैं, इसलिए हमने दानिश नगर की गड्ढे और पानी से भरी सड़कों पर इस ‘कैटवॉक’ का आयोजन किया। अगर हमारी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो हम वोट नहीं देंगे और न ही करो का भुगतान करेंगे।’’
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में महिलाओं और बच्चों को कीचड़ से भरी गड्ढों वाली सड़कों पर ‘कैटवॉक’ करते हुए देखा जा सकता है, जिनमें से कुछ लोग ‘कैटवॉक’ के दौरान गिरते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
इस कैटवॉक में भाग ले रही कुछ महिलाओं एवं बच्चों के हाथों में तख्तियां भी थी, जिनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 2017 के उस बयान का मजाक उड़ाया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मध्य प्रदेश की सड़कें अमेरिका से भी बेहतर हैं। इन तख्तियों में लिखा था – ‘क्या ऐसी टूटी सड़कें वॉशिंगटर से भी अच्छी हैं?’
भोपाल नगर निगम के जोनल अधिकारी नीलेश श्रीवास्तव ने कहा,“मुझे मीडिया से इस विरोध के बारे में पता चला है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम के इंजीनियर सोमवार को मौके का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा, “हमारे विभाग को स्थानीय निवासियों से अब तक इस मामले पर शिकायत नहीं मिली है ।” बार-बार प्रयास के बावजूद स्थानीय भाजपा विधायक कृष्णा गौर से संपर्क नहीं हो सका।

Related posts

भू माफिया अशोक गोयल के नित नए फर्जीवाड़े

Pradesh Samwad Team

Comment les experts d’Hibruno sélectionnent les jeux de casino les plus fidélisants ?

Nouvel An et jeux en direct — Comment gérer le risque tout en profitant des jackpots des croupiers live

Leave a Comment