Pradesh Samwad
खेल

लखनऊ सुपर जाएंट्स की सीएसके पर शानदार जीत, 6 विकेट से जीता हाई स्कोरिंग मैच

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) के 7वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच शानदार भिड़ंत देखने को मिली। लखनऊ की टीम ने चेन्नई को आखिरी क्षण तक कांटे की टक्कर वाले इस मैच में 6 विकेट से मात दी। इस मैच में दोनों ही टीम के बल्लेबाजों ने कमाल किया और गेंदबाजों के लिए यह मैच कुछ खास नहीं रहा। लखनऊ के लिए आखिरी में एविन लुईस ने 23 गेंदों पर 55 और आयुष बदोनी ने 9 गेंदों पर 19 रन बनाकर जीत दर्ज की। पहला मैच गंवाने के बाद लखनऊ की आईपीएल में यह पहली जीत है।
लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करते हुए सीएसके को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। पहले खेलते हुए चेन्नई ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 210 रन बनाए थे। रॉबिन उथप्पा ने 27 गेंदों पर 50 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। वहीं शिवम दुबे अपने अर्धशतक से एक रन पीछे रह गए। उन्होंने भी 30 गेंदों पर 49 रनों की शानदार पारी खेली। लेकिन उनकी यह पारी वहां खराब हुई जब 19वें ओवर में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 25 रन दिए और मैच सीएसके की पकड़ से दूर निकल गया।
इसके अलावा आज के मैच में वापसी करने वाले मोईन अली ने 22 गेंद पर 35, सीनियर खिलाड़ी अंबाती रायडू ने 20 पर 27 और अंत में पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने 6 गेंद पर नाबाद 16 रन बनाकर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए रवि बिश्नोई सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे जिन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर दो विकेट झटके। उनके अलावा आवेश खान और एंड्रू टाई को भी 2-2 सफलताएं मिलीं।
इसके बाद 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत शानदार रही। कप्तान केएल राहुल (40) ने क्विंटन डी कॉक के साथ पहले विकेट के लिए 62 गेंदों पर 99 रनों की साझेदारी की। डी कॉक ने अर्धशतकीय पारी खेली और 45 गेंदों पर 61 रन बनाए। मनीष पांडे कुछ खास नहीं कर पाए और महज 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फिर दीपक हुड्डा ने कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन वह भी 13 रन बनाकर ब्रावो का शिकार बने।
फिर मोर्चा संभाला इविन लुईस और आयुष बदोनी ने। दोनों खिलाड़ियों ने नाबाद पारियां खेली और जीत चेन्नई सुपर किंग्स के जबड़े से छीन कर आईपीएल इतिहास में लखनऊ सुपर जाएंट्स को पहली जीत दिलाई। लखनऊ ने 19.3 ओवर में 4 विकेट गंवाकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। सीएसकी की यह लगातार दूसरी हार है और एलएसजी की पहली जीत। प्वॉइंट्स टेबल में लखनऊ का खाता खुला है और वह छठे स्थान पर है। वहीं डिफेंडिंग चैंपियंस के लिए अभी खाता खोलना बाकी है।

Related posts

डीडीसीए लीग -2022 विनायक गुप्ता का दोहरा शतक, गोल्डन ईगल की आसान जीत

Pradesh Samwad Team

अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय (वुडबॉल) प्रतियोगिता के लिए मध्यांचल प्रोफेशनल विश्वविद्यालय, भोपाल की टीम भोपाल से रवाना

Pradesh Samwad Team

बेन स्टोक्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ विस्फोटक शतक

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment