Pradesh Samwad
खेल

PAK vs AUS: उस्मान ख्वाजा ने ठोका कराची टेस्ट में शतक, विकेटों को तरसे पाकिस्तानी गेंदबाज

ओपनर उस्मान ख्वाजा के नाबाद शतक के बूते ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ कराची में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन की समाप्ति तीन विकेट पर 251 रन के साथ की. कराची टेस्ट के पहले दिन के स्टंप्स तक ख्वाजा 127 रन बनाकर नाबाद थे. वे अपनी पारी में 266 गेंद का सामना करते हुए 13 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं. नाइट वॉचमैन नाथन लायन बिना खाता खोले उनका साथ दे रहे थे. ऑस्ट्रेलिया के उपकप्तान स्टीव स्मिथ दिन के आखिरी ओवर से ठीक पहले हसन अली की गेंद पर आउट हुए. उन्होंने 72 रन की पारी खेली. पाकिस्तान की तरफ से हसन अली और फहीम अशरफ को एक-एक कामयाबी मिली.
इससे पहले आस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया. ख्वाजा और डेविड वॉर्नर (36) ने पहले विकेट के लिये 18 ओवर में 82 रन बनाए. रावलपिंडी में तीन रन से शतक से चूके ख्वाजा और वॉर्नर ने पहले 14 ओवर में 63 रन निकाले. पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली और शाहीन शाह अफरीदी को पिच से कोई मदद नहीं मिली. पाकिस्तान ने लंच से पहले आखिरी घंटे में खेल में वापसी की जब फहीम अशरफ ने वॉर्नर का विकेट लिया. वॉर्नर एक शानदार गेंद पर विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को कैच दे बैठे. वहीं नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन खाता खोले बिना रन आउट हो गए. उन्हें साजिद खान के सीधे थ्रो ने पवेलियन भेजा.
ख्वाजा का वापसी के बाद तीसरा शतक : दूसरे सत्र में पाकिस्तानी गेंदबाजों को कोई विकेट नहीं मिला. चाय से पहले आखिरी 12 ओवर में पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 15 रन दिए. फिर उस्मान ख्वाजा ने अपना शतक पूरा किया. वे पहले टेस्ट में केवल तीन रन से शतक लगाने से दूर रह गए थे. लेकिन कराची में उन्होंने सैकड़ा पूरा किया. यह टेस्ट क्रिकेट में उनका 11वां शतक है. ऑस्ट्रेलियाई टीम में दो साल साल वापसी करने के बाद छह पारियों में उन्होंने तीसरा शतक लगाया. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के दौरान वापसी की थी.
वहीं शतक की तरफ बढ़ रहे स्टीव स्मिथ 89वें ओवर में स्लिप में लपके गए. दूसरी स्लिप में फहीम अशरफ ने उनका कमाल का कैच लिया. उन्होंने 214 गेंद का सामना करते हुए सात चौके लगाए.

Related posts

27वां आईईएस डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2022 वैभव के दोहरे प्रदर्शन से स्वदेश सेमीफाइनल में

Pradesh Samwad Team

अहमदाबाद स्टेडियम के क्यूरेटर और मैदानकर्मियों को मिलेंगे 1.25 करोड़

Pradesh Samwad Team

रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के फेंसिंग खिलाड़ी शंकर पांडे सीनियर वर्ल्ड फेंसिंग चैंपियनशिप में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व

Pradesh Samwad Team

Leave a Comment